नारनौंद समाचार। हांसी जिले के नारनौंद उपमंडल के गांव माढ़ा से एक युवती के रात के समय घर से लापता होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवती देर रात अपने परिजनों को सोता छोड़कर घर से चली गई। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग पाया।
परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में युवती की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में युवती की तलाश कर रही है तथा उसके संभावित ठिकानों और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही युवती का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी को युवती के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या डायल 112 पर सूचना दें।


