Narnaund News। हांसी जिले के नारनौंद क्षेत्र के गांव पेटवाड़ में आधी रात को घर के बाहर हंगामा करने, ट्रैक्टर और सोलर पैनल में तोड़फोड़ करने तथा एक व्यक्ति के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने एक नामजद युवक समेत 4-5 लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस को दिए बयान में पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने रॉड और अन्य हथियारों से उस पर हमला किया तथा जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस को दिए बयान के अनुसार पेटवाड़ निवासी 47 वर्षीय राजेश गांव बागनवाला (जुलाना) में पब्लिक हेल्थ विभाग में कार्यरत हैं। राजेश ने बताया कि रात करीब 12:45 बजे वह अपने घर गांव पेटवाड़ पर मौजूद था। इसी दौरान गली में गाड़ी के हॉर्न की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखने पर एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी दिखाई दी, जिसमें कथित तौर पर सतेन्द्र उर्फ भोलू निवासी पेटवाड़ और उसके साथ 4-5 युवक बैठे थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार, गली में एक अन्य गाड़ी भी खड़ी थी। उसे हटवाने के लिए कुछ लोगों ने एक मकान के दरवाजे पर लात मारने का प्रयास किया। झगड़े की आशंका को देखते हुए राजेश ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
बयान में आरोप लगाया गया है कि कुछ देर बाद उक्त लोग दोबारा उसके मकान के पास आए और दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया। दरवाजा नहीं खोलने पर उन्होंने घर के बाहर खड़े फार्मट्रेक ट्रैक्टर में तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वह डायल 112 को लोकेशन बताने गया तो पीछे से आरोपित उसके घर में घुस गए और सोलर पैनल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
रॉड से हमला करने का आरोप

राजेश ने पुलिस को बताया कि बाद में जब वह गली में एक बैठक के सामने खड़ा था, तभी उक्त लोग गाड़ी से वहां पहुंचे। आरोप है कि सतेन्द्र उर्फ भोलू ने रॉड से उसके सिर पर वार किया। बचाव में हाथ ऊपर करने पर रॉड उसके बाएं हाथ पर लगी। इसके बाद आरोपितों और उनके साथियों ने रॉड व अन्य हथियारों से उसके दोनों पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें मारीं।
हमले में गंभीर रूप से घायल राजेश को उपचार के लिए नारनौंद के उपमंडल नागरिक अस्पताल में लाया गया जहां से डॉक्टर ने उसका प्राथमिक उपचार करके उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हिसार रेफर कर दिया। राजेश के परिजनों ने बताया कि राजेश के पांव में गहरी चोट लगी है और उसका हिसार के नागरिक अस्पताल में ऑपरेशन किया जा रहा है।
शिकायतकर्ता ने बयान में बताया कि हमलावरों में एक युवक बधावड़ निवासी बताया गया है, जबकि एक अन्य युवक की पहचान नहीं हो पाई। डायल 112 की टीम को देखकर सभी मौके से भाग गए। आरोप है कि जाते समय आरोपितों ने उसे आगे जान से मारने की धमकी भी दी।
राजेश ने पुलिस से ट्रैक्टर और सोलर पैनल में हुई तोड़फोड़ तथा उसके साथ की गई मारपीट के मामले में आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर मामले की जांच और आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में थाना प्रभारी जितेंद्र से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच करने में लगी हुई है। जल्दी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।













