Bhakra Canal Accident: SDRF Search Operation Fatehabad
फतेहाबाद जिले के रतिया थाना क्षेत्र के गांव निक्कूआना निवासी 42 वर्षीय टेलर जसवीर उर्फ काला के पैर फिसलने से गांव के पास से गुजरने वाली भाखड़ा नहर में बह जाने की आशंका है। व्यक्ति की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम ने नहर में सर्च अभियान शुरू किया है।
उधर, जसवीर सिंह के बेटे लवप्रीत ने अपने पिता के तीन दोस्तों, गांव के हरजिंदर सिंह, बादलगढ़ निवासी वीरपाल, और पंजाब के रियोद निवासी खुशदीप पर उसके पिता को छुपाने का आरोप लगाया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। गांव निक्कूआना निवासी जसवीर उर्फ काला की मेन बाजार में टेलर की दुकान हैउसके नहर में बह जाने की आशंका पर तलाश शुरू की गई है।।
पुलिस को शिकायत में जसवीर के बेटे लवप्रीत ने कहा कि उसका पिता बीती शाम करीब साढ़े 6 बजे गांव के हरजिंदर के खेत में गया था। शाम तक वह घर नहीं आया। वह मौके पर गया तभी उक्त लोगों ने उसके पिता के भाखड़ा नहर पर जाने की बात बताई। उसने आरोप लगाया कि उक्त लोगों ने उसके पिता को कहीं छुपाकर रखा है। यह अनुमान भी लगाया गया कि पैर फिसलने से वह नहर में बह गया।
सूचना मिलने पर मेहमड़ा चौकी प्रभारी ज्योति प्रसाद और सदर थाना प्रभारी शीशपाल सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से तलाश शुरू की गई। नहर में पानी का बहाव तेज था। एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। बताया गया कि नहर में करीब 4 हजार 400 क्यूसिक पानी का बहाव है। पास में ही झाल है इससे पानी की गति और तेज है।
कुछ समय पहले ही भाखड़ा नहर को कंक्रीट से पक्का किया गया है। इससे फिसलने पर बाहर निकलना मुश्किल है। नहर की गहराई करीब 20 फीट बताई जा रही है। एसडीआरएफ की टीम ने नहर में नाव उतारकर तलाश शुरू कर दी है। सदर थाना प्रभारी शीशपाल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम नहर में लगातार तलाश कर रही है।










