Haryana Roadways employee protest in Hisar News
Hisar News : रोडवेज के हिसार डिपो में कर्मचारियों के लंबित वित्तीय भत्तों की मांग पर चल रहा आंदोलन मंगलवार को 54वें दिन भी जारी रहा। महाप्रबंधक के खिलाफ चल रहे इस धरने की अध्यक्षता संदीप जैनावास ने की, जबकि मंच संचालन अरुण शर्मा ने किया। धरने में सैकड़ों कर्मचारियों ने भाग लेकर एकजुटता का प्रदर्शन किया।
लंबित मांगों पर रोडवेज कर्मचारियों का हिसार में धरना जारी
हिसार रोडवेज डिपो में धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों की लगातार अनदेखी और महाप्रबंधक की कर्मचारी विरोधी कार्यशैली के विरोध में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 8 जुलाई को हांसी में विशाल गेट मीटिंग आयोजित कर कर्मचारियों को आंदोलन के अगले चरण के लिए तैयार किया जाएगा। ( Hisar protest News )
वक्ताओं ने घोषणा की कि 9 जुलाई को महाप्रबंधक का घेराव किया जाएगा। इसके बाद 10 और 11 जुलाई को सांकेतिक हड़ताल के तहत पेन, पहिया और टूल जाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी कर्मचारियों की लंबित मांगों का समाधान नहीं हुआ और महाप्रबंधक ने अपना रवैया नहीं बदला तो राज्य स्तर के यूनियन पदाधिकारियों से चर्चा कर आंदोलन को पूरे हरियाणा में विस्तारित किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि हिसार से शुरू हुआ यह आंदोलन जल्द ही पूरे प्रदेश का आंदोलन बन सकता है।
धरने के दौरान पेड़ कटाई प्रकरण की जांच के सिलसिले में सीएम फ्लाइंग के डीएसपी विक्रमजीत सिंह, रेंज इंचार्ज सुनेना, फतेहाबाद और हिसार रेंज के डीएफओ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोबारा जांच की। इस पर सांझा संघर्ष समिति हिसार ने निष्पक्ष जांच पर विश्वास जताते हुए कहा कि जो भी अधिकारी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
धरने में अनूप श्योकद, बजरंग लाखा, राजबीर दुहन, कर्मबीर मसूदपुर, जोगेंद्र पंघाल, जितेंद्र शर्मा, अजय दुहन, नरेंद्र खरड़, अमित जुगलान, पवन कनोह, वीरेंद्र किरतान, रमेश यादव, राजेश सेलवाल, अमरदीप रेढ़ू, संदीप चहल, अशोक धमाना, मस्तु सुंडा सहित सभी यूनियनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।


