नारनौंद न्यायिक परिसर में ‘मदन गोपाल शास्त्री लिटिगेंट हॉल’ व सिविल जज की दूसरी अस्थाई कोर्ट का उद्घाटन
जल्द हांसी में शुरू होंगी अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे) की अदालतें: न्यायमूर्ति राजेश भारद्वाज
नारनौंद/हांसी। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीश श्री राजेश भारद्वाज ने नारनौंद न्यायिक परिसर में नवनिर्मित ‘मदन गोपाल शास्त्री लिटिगेंट हॉल’ तथा सिविल जज जूनियर डिवीजन की दूसरी अस्थाई कोर्ट का औपचारिक शुभारंभ किया। इस लिटिगेंट हॉल का नाम भारत के माननीय मुख्य न्यायाधीश श्री सूर्यकांत के पूज्य पिता स्वर्गीय मदन गोपाल शास्त्री की स्मृति में रखा गया है।
इस अवसर पर न्यायमूर्ति भारद्वाज ने घोषणा की कि हांसी में जल्द ही दो अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे) की अदालतें बैठना शुरू हो जाएंगी, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को त्वरित और सुलभ न्याय मिल सकेगा।
सीजेआई की जन्मस्थली पर पहुंचकर जताई खुशी

समारोह में संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति राजेश भारद्वाज ने कहा कि भारत के मुख्य न्यायाधीश श्री सूर्यकांत की पावन जन्मस्थली में उपस्थित होकर वे अत्यंत गर्व और प्रसन्नता का अनुभव कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि न्यायिक प्रणाली को सुदृढ़ करने के साथ-साथ न्यायालयों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है ताकि आम जनता को न्याय पाने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
न्यायिक परिसर आगमन पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती अलका मलिक तथा अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने पुष्पगुच्छ भेंट कर न्यायमूर्ति का स्वागत किया।
वकीलों की मांगों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन
हांसी और नारनौंद बार एसोसिएशन के बार रूम में अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए माननीय न्यायाधीश ने उनकी समस्याओं व मांगों को ध्यानपूर्वक सुना। हांसी बार एसोसिएशन द्वारा दो एडीजे कोर्ट शुरू कराने की मुख्य मांग रखी गई थी, जिस पर सहमति व्यक्त करते हुए न्यायमूर्ति ने इसे जल्द लागू करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की सभी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश व परिसरों का निरीक्षण
दौरे के दौरान न्यायमूर्ति राजेश भारद्वाज ने हांसी और नारनौंद दोनों न्यायिक परिसरों में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने अधिकारियों को रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत, उन्होंने अदालत परिसरों में चल रही विभिन्न अदालतों का निरीक्षण किया, प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और न्यायिक अधिकारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख गणमान्य
इस गरिमामयी समारोह में न्यायमूर्ति भारद्वाज की धर्मपत्नी डॉ. पूनम भारद्वाज, जिला एवं सत्र न्यायाधीश अलका मलिक, एडीजे मंगलेश कुमार चौबे, एडीजे ईशा खत्री, एसडीजेएम पियूष गक्खड़, एसडीजेएम आशुतोष, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अनुराधा, प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट खुशकरण जोत सिंह गिल, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, नारनौंद के एसडीएम विकास यादव, हांसी के एसडीएम राजेश खोथ, नारनौंद बार एसोसिएशन के प्रधान प्रदीप लोहान, हांसी बार एसोसिएशन के प्रधान सुदेश यादव, पूर्व प्रधान पवन रापड़िया सहित कई वरिष्ठ अधिवक्ता एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

