Narnaund Congress Protest : वोट चोरी के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन
हरियाणा न्यूज ( सुनील कोहाड़ )
नारनौंद/हांसी। हांसी जिले के नारनौंद में कांग्रेस ने वोट चोरी के मुद्दे को लेकर उग्र प्रदर्शन किया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे हिसार से कांग्रेस सांसद जयप्रकाश उर्फ जेपी ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार नहीं है, बल्कि ईवीएम से छेड़छाड़ व वोट चोरी करके धोखाधड़ी से बनाई गई सरकार है।
गरीबों का शोषण कर पूंजीपति दोस्तों को फायदा
सांसद जेपी ने कहा, “लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार आम जनता के हित में काम करती है और लोगों की समस्याओं का समाधान करती है। लेकिन मौजूदा भाजपा सरकार चुनाव आयोग की साठगांठ से बनी है, जो गरीबों का शोषण कर पूंजीपति दोस्तों को फायदा पहुंचा रही है।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आप जमीन पर यह लड़ाई लड़ो, हम संसद में इस मुद्दे पर भाजपा सरकार की पोल खोलेंगे। उन्होंने कहा कि यदि आम जनता इस वोट चोरी के मुद्दे को समझकर सड़कों पर उतर आई तो भाजपा सरकार कुछ ही दिनों की मेहमान है। कांग्रेस आने वाले चुनावों में ईवीएम (EVM) की जगह बैलेट पेपर (Ballot Paper) से मतदान कराने की मांग मजबूती से उठाएगी।
अनाज मंडी से खांडा मोड़ तक निकाला जुलूस
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सांसद जयप्रकाश के नेतृत्व और कांग्रेस हलका प्रधान कुलदीप डाटा की अध्यक्षता में नारनौंद अनाज मंडी से लेकर खांडा मोड़ तक पैदल जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया।
किसानों और युवाओं के शोषण का आरोप

युवा हलका प्रधान प्रमोद कोहाड़ ने कहा कि भाजपा सरकार में गरीब, किसान व युवाओं का लगातार शोषण हो रहा है। युवाओं के पास रोजगार नहीं है और किसानों को उनकी फसलों का उचित भाव नहीं मिल रहा। किसान मंडियों में अपनी फसल बेचने के लिए कई-कई दिनों से डेरा डाले हुए हैं, लेकिन सरकार के मंत्री व अधिकारी सिर्फ कागजों और समाचार पत्रों में खरीद के झूठे दावे कर रहे हैं। धरातल पर किसान परेशान है और मजदूर के घर का चूल्हा ठंडा पड़ा है।
इस अवसर पर उकलाना से विधायक नरेश सेलवाल, नलवा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे अनिल मान, रणदीप लोहान, राहुल बुडाना, तन्नू माजरा सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।















1 thought on “Narnaund News: नारनौंद में वोट चोरी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, सांसद जेपी ने लगाए गंभीर आरोप”