एएसपी की अगुवाई में 4 सदस्यीय टीम करेगी जांच
हिसार न्यूज | हिसार के मंडी आदमपुर में 12 वर्षीय छात्र दैविक गोयल की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। हिसार के पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। एएसपी मयंक मुदगिल की अध्यक्षता एवं निगरानी में गठित एसआईटी मामले की गहन जांच करेगी। आदमपुर थाने में 14 अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 (1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 30 के तहत एफआईआर दर्ज है।
चार सदस्यीय टीम : एसआईटी में एएसपी मयंक मुदगिल को टीम प्रमुख बनाया गया है। इनके अलावा साइबर क्राइम थाना हिसार के एसएचओ इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह, हिसार की महिला इंस्पेक्टर कविता तथा हिसार साइबर सेल के प्रभारी पीएसआई अमित को टीम में शामिल किया गया है।
प्रदर्शन के कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित किया
छात्र दैविक गोयल की मौत के मामले में एसआईटी (विशेष जांच दल) का गठन होने के बाद पीड़ित परिवार ने बुधवार को प्रस्तावित आदमपुर बंद और धरना-प्रदर्शन के कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित कर दिया है। मृतक छात्र दैविक गोयल के पिता रवि गोयल और ताऊ बिशंबर गोयल ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा आदमपुर उनके साथ खड़ा है। परिवार को उम्मीद है कि पुलिस मामले की निष्पक्षता से जांच करेगी और सच्चाई सबके सामने आएगी।
परिवार ने कहा कि उनकी मांग है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच हो, ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें। एसआईटी के गठन के बाद परिवार ने फिलहाल बंद और धरना-प्रदर्शन स्थगित करने का निर्णय लिया है। परिवार को उम्मीद है कि जांच प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ेगी और उन्हें न्याय मिलेगा।









