गलत दिशा से आई कार ने बाइक को मारी टक्कर, युवक घायल
Hansi News: हांसी शहर के दिल्ली रोड पर स्थित माडल टाउन गेट के पास रांग साइड से आ रही कार ने मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक 21 वर्षीय विक्रम के चेहरे पर गंभीर चोट आई, जबकि उसके दो दोस्तों को मामूली चोटें लगीं। घायल विक्रम को हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके चेहरे का आपरेशन किया गया।
पुलिस को दी शिकायत में उमरा निवासी एवं वर्तमान में ढाणी चादर पुल क्षेत्र में रह रहे विक्रम ने बताया कि वह टैक्सी चालक है। 16 अक्टूबर की रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपने दोस्त मोहित और दीपक के साथ बाइक पर सब्जी मंडी की ओर से काली देवी मंदिर के रास्ते आ रहा था।
आरोप है कि माडल टाउन गेट से आगे पहुंचते ही काली देवी चौक की तरफ से रांग साइड आई सफेद कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। मोहित और दीपक को मामूली खरोंच आई और उन्होंने मेडिकल जांच नहीं करवाई। पीड़ित ने कार चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।









