Tractor trolley accident Rewari News in Hindi
ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज
Rewari Accident News: रेवाड़ी के कुंड क्षेत्र के गांव निमोठ में ट्रैक्टर-ट्रॉली से कड़बी खाली करते समय उसके नीचे दबने से घायल हुए 35 वर्षीय युवक की रेवाड़ी के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निमोठ निवासी 35 वर्षीय प्रदीप के रूप में हुई है। डहीना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Dahina Tractor trolley accident: जानकारी के अनुसार गांव निमोठ निवासी प्रदीप और संदीप आपस में दोस्त थे। संदीप ने प्रदीप से कड़बी लेने चलने के लिए कहा। इसके बाद दोनों पड़ोसी का ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर कड़बी लेने चले गए। पहली ट्रॉली में कड़बी भरकर लाने के बाद उन्होंने उसे खाली कर दिया। इसके बाद दोनों दूसरी ट्रॉली में कड़बी भरकर वापस घर पहुंचे।
दूसरी ट्रॉली को खाली करते समय
ट्रैक्टर संदीप चला रहा था, जबकि प्रदीप ट्रॉली को पीछे करवाने में मदद कर रहा था। इसी दौरान प्रदीप ने संदीप को ट्रैक्टर रोकने के लिए कहा, लेकिन संदीप ने ट्रैक्टर की लिफ्ट उठाकर ट्रॉली खाली करनी शुरू कर दी। इस दौरान प्रदीप कड़बी के नीचे दब गया। उसे बाहर निकाला गया, वह बात कर रहा था, उसे घर पर छोड़ा गया।
रात को प्रदीप के पेट में तेज दर्द होने लगा। इसके बाद उसकी पत्नी ने संदीप को फोन किया। संदीप उसे उपचार के लिए रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल ले गया, जहां उपचार के दौरान प्रदीप ने दम तोड़ दिया। डहीना चौकी प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि युवक कड़बी के नीचे दबने से घायल हो गया था और उसे अंदरूनी चोटें आई थीं। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों की शिकायत के आधार पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।














