दीपावली के त्योहार पर दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की हवा जहरीली हो चुकी है, जिसके कारण लोगों को सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही है। वहीं कांग्रेस नेता ने इसके लिए भाजपा सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार व प्रशासन किसानों की पराली को इसका जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, जबकि इस बार तो पराली नाममात्र ही मुश्किल से जली होगी। वहीं पिछले दस दिनों से शहरों में लोग दीपावली पर आतिशबाजी कर प्रदूषण फैला रहे हैं, लेकिन सरकार व प्रशासन इसको लेकर मौन धारण किए हुए हैं।
कांग्रेस के युवा हलका प्रधान प्रमोद कोहाड़ ने कहा कि सरकार और प्रशासन को सैटेलाइट से खेतों में किसानों की पराली तो जलती हुई दिखाई दे जाती है, लेकिन शहरों में पिछले दस दिनों से हो रही आतिशबाजी उन्हें दिखाई नहीं पड़ रही। क्योंकि बड़े-बड़े शहरों में सत्ताधारी भाजपा और बड़े अधिकारियों के बच्चे खुलेआम आतिशबाजी कर रहे हैं, जिससे लगातार वायु की गुणवत्ता बिगड़ रही है। इसका नतीजा यह है कि दीपावली से पहले ही सांस लेना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि अगर यही हाल रहा तो दीपावली के बाद वायु की गुणवत्ता सुधरने की बजाय और बिगड़ सकती है।
कांग्रेस नेता प्रमोद कोहाड़ ने कहा कि सरकार और प्रशासन खराब वायु गुणवत्ता को लेकर किसानों की पराली को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, जबकि इस बार तो हरियाणा में पराली जलने के नाममात्र ही मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली के अवसर पर खेतों में धान की कटाई काफी हद तक हो चुकी है और किसान गेहूं व अन्य फसलों की बिजाई भी कर चुके हैं, परंतु सरकार के निशाने पर केवल किसान ही रहते हैं; जबकि नेताओं व अधिकारियों को उनके आसपास हो रही आतिशबाजी दिखाई नहीं दे रही।

अगर सरकार वायु प्रदूषण को लेकर चिंतित होती और शहरों में आतिशबाजी पर दीपावली से पहले ही पूर्ण रूप से नकेल कस देती, तो आज यह नौबत नहीं आती। अगर भविष्य में भी इस बारे में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो हालात और बिगड़ सकते हैं। इस दौरान कांग्रेस नेता प्रमोद कोहाड़ ने सभी प्रदेशवासियों को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।










