WE ARE HIRING!
Receptionist | Teachers | Coordinator | Video Editor
TAGORE SR. SEC. SCHOOL, NARNAUND, HISAR (HR)
APPLY NOW 9416588916

 

हांसी में दिन-दहाड़े चोरी करते दो चोर रंगे हाथों काबू, एक फरार

By sunilkohar

Published On:

हांसी में दिन-दहाड़े चोरी करते दो चोर रंगे हाथों काबू, एक फरार

---Advertisement---

घिराय में चोरी करते रंगे हाथों दो काबू, एक फरार

हरियाणा न्यूज ( सुनील कोहाड़ ) : 

हांसी जिले के गांव घिराय में दिन-दहाड़े चोरी करते हुए ग्रामीणों ने दो लड़कों को काबू कर लिया, जबकि उनका एक साथी मौके से भागने में कामयाब हो गया। ग्रामीणों ने दोनों चोरों को पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए चोरों में से एक रोहतक जिले का रहने वाला है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक इन दिनों हांसी जिले के गांव घिराय में चोरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है और वे दिन-दहाड़े चोरी की वारदातों को अंजाम देकर फरार हो रहे हैं। हाल ही के दिनों में घिराय गांव में चोरी की दो घटनाएं सामने आ चुकी हैं। करीब तीन दिन पहले ही अज्ञात चोर एक मकान से जेवरात सहित अन्य सामान चोरी करके फरार हो गए थे और अब ग्रामीणों ने सुनसान मकान में चोरी करते हुए दो चोरों को रंगे हाथों काबू किया है।

हांसी सदर थाना के अंतर्गत आने वाली भाटला चौकी पुलिस को दी शिकायत में गांव घिराय निवासी संदीप ने बताया कि उसके ताऊ का लड़का महासिंह चंडीगढ़ रहता है और वह अपने मकान की चाबी उसको देकर गया था। 4 अक्टूबर को वह अपने घर में था कि तभी उसके ताऊ के लड़के महासिंह के मकान से शीशा टूटने की आवाज सुनाई दी।

जब उसने बाहर निकलकर देखा तो दो युवक मकान के सामने खड़े थे, जो उसे देखते ही गली में चल दिए। जब उसने अंदर जाकर देखा तो वहां एक युवक चोरी करने के इरादे से घुसा हुआ था। उसने जब चोर को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने लोहे के सरिये से उस पर हमला कर दिया और भागने लगा।

संदीप ने बताया कि गली में खड़े दोनों युवक भी उसके साथ भागने लगे तो वह उन्हें पकड़ने के लिए उनके पीछे दौड़ा। उसने शोर मचाया तो आसपास के अन्य ग्रामीण भी अपने घरों से बाहर निकल आए और ग्रामीणों की मदद से उन्होंने दो लड़कों को दबोच लिया, जबकि उनका एक साथी भागने में कामयाब हो गया।

शिकायतकर्ता के मुताबिक जब उन्होंने पकड़े गए युवकों से उनके नाम पूछे तो एक ने अपना नाम गांव घिराय निवासी सोनू उर्फ सोनिया पुत्र जयबीर और दूसरे ने अपना नाम रोहतक जिले के गांव सुनारिया कलां निवासी सुमित पुत्र राजेश बताया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना डायल 112 पुलिस टीम को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पकड़े गए दोनों चोरों और उनके कब्जे से बरामद लोहे के सरिये को अपनी हिरासत में ले लिया।

Leave a Comment