हरियाणा में राशन डिपो का लाइसेंस देने के बदले AFSO रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है। भिवानी एसीबी की टीम ने फूड सप्लाई सहायक अधिकारी को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी ने पीड़ित से डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत की डिमांड की थी और इससे पहले वह 20 हजार रुपये रिश्वत के तौर पर ले चुका था।
भिवानी एसीबी को शिकायतकर्ता ने बताया कि सुमन (पत्नी कृष्ण) ने राशन डिपो का लाइसेंस लेने के लिए आवेदन किया था। राशन डिपो के लिए आवेदन करने वाली सुमन ने कागजी कार्रवाई के लिए उसे अधिकृत किया था। लेकिन राशन डिपो का लाइसेंस देने वाला AFSO मुकेश कुमार इसके बदले में डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत की डिमांड कर रहा था। इससे पहले वह 20 हजार रुपये ले चुका था। पीड़ित ने बताया कि अब वह एक लाख रुपये की और डिमांड कर रहा है तथा बाकी बचे 30 हजार रुपये काम होने के बाद देने की बात कर रहा है।
शिकायतकर्ता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसीबी भिवानी की टीम ने अपना जाल बिछाया और फूड सप्लाई विभाग के एएफएसओ मुकेश कुमार को शिकायतकर्ता से लिए गए एक लाख रुपये की नकदी सहित काबू कर लिया। एसीबी की टीम ने हिसार विजिलेंस में आरोपी भ्रष्टाचारी अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस संबंध में भिवानी एसीबी के इंचार्ज जगजीत सिंह ने बताया कि फूड सप्लाई विभाग के अधिकारी द्वारा राशन डिपो का लाइसेंस देने के बदले डेढ़ लाख रुपये की डिमांड करने की शिकायत मिली थी। उनकी टीम ने एएफएसओ मुकेश कुमार को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया है।














