बलियाली में चोरी; मकान को चोरों ने बनाया निशाना, नगदी व जेवरात चोरी
Bhiwani News Today: भिवानी जिले के बवानी खेड़ा थाना क्षेत्र के गांव बलियाली में चोरी का एक मामला सामने आया है। अज्ञात चोर एक सूने मकान में घुसकर हजारों रुपए की नगदी और सोने के जेवरात चोरी करके फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बलियाली निवासी पीड़ित प्रदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जेसीबी (JCB) चलाने का काम करता है। 28 अक्टूबर को वह अपनी पत्नी के साथ खरीददारी करने के लिए बाजार गया हुआ था। घर से निकलते समय उन्होंने मकान के सभी मुख्य दरवाजों और खिड़कियों को अच्छी तरह से लॉक किया था। लेकिन जब वे बाजार से वापस लौटे, तो घर का नजारा देखकर हैरान रह गए।
प्रदीप के अनुसार, घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था और कमरे में रखी अलमारी का ताला टूटा हुआ खुला था। जब सामान की जांच की गई, तो अलमारी से करीब 74 हजार रुपए की नगदी, सोने की अंगूठी और तबीजी गायब मिलीं।
पीड़ित परिवार ने आसपास के लोगों से काफी पूछताछ की, लेकिन अज्ञात चोरों के बारे में कोई सुराग नहीं लग सका। पीड़ित का कहना है कि जब वे बाजार गए थे, उसी दौरान चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल, बवानी खेड़ा थाना पुलिस ने पीड़ित प्रदीप की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की गहनता से जांच कर रही है।















