भिवानी जिले के मंडाण गांव से विवाहिता लापता
Haryana News : हरियाणा के भिवानी जिले के तोशाम क्षेत्र के गांव मंडाण से एक विवाहिता अज्ञात परिस्थितियों में लापता हो गई। उसकी शादी करीब 9 महीने पहले ही हुई थी और वह तीन महीने की गर्भवती बताई जा रही है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज करके महिला की तलाश शुरू कर दी है।
भिवानी जिले के गांव मंडाण निवासी प्रदीप ने तोशाम थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेती-बाड़ी करता है और उसकी शादी 11 जनवरी 2026 को मनीषा के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों काफी खुश थे और उसकी पत्नी तीन महीने की गर्भवती भी है।
प्रदीप के मुताबिक, 24 अक्टूबर की सुबह करीब दस बजे वह अपने खेत में काम करने के लिए गया था और उस समय उसकी पत्नी मनीषा घर पर ही थी। लेकिन जब वह शाम को करीब चार बजे घर लौटा, तो उसकी पत्नी घर पर नहीं मिली।
पीड़ित युवक ने बताया कि उसने अपनी पत्नी की काफी तलाश की, परंतु उसका कहीं भी अतापता नहीं चला। उसकी पत्नी की उम्र 19 साल और रंग सांवला है। उसका कद 5 फीट 2 इंच है। उसके मोबाइल फोन पर भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। तोशाम थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।















