बरवाला में निजी अस्पताल कर्मी की पत्नी दो मासूम बेटियों संग लापता
बरवाला: हिसार जिले के बरवाला शहर से एक महिला अपने दो मासूम बच्चों सहित संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। घटना के वक्त महिला का पति अस्पताल में अपनी ड्यूटी पर गया हुआ था। जब वह रात को काम खत्म कर घर लौटा तो पत्नी और दोनों बेटियां गायब मिलीं। पीड़ित पति की शिकायत पर बरवाला थाना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बरवाला के वार्ड नंबर 12, पासा कॉलोनी निवासी प्रवीन ने बताया कि वह एक निजी अस्पताल में बतौर ड्राइवर कार्यरत है। रोज की तरह वह सुबह अपनी ड्यूटी पर चला गया था। घर पर उसकी पत्नी कविता कुमारी उर्फ एकता तथा उसकी दो छोटी बेटियां—5 वर्षीय परी और ढाई वर्षीय काव्या मौजूद थीं।
प्रवीन के अनुसार, जब वह रात करीब 9 बजे ड्यूटी खत्म करके घर वापस आया तो घर पर पत्नी और दोनों बेटियां मौजूद नहीं थीं। उसने तुरंत आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उसने अपनी रिश्तेदारियों और परिचितों के यहां भी काफी खोजबीन की, परंतु तीनों का कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों की चिंता बढ़ने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में लाया गया। बरवाला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला और दोनों बच्चों की तलाश के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।















