Clash breaks out between inmates in Sirsa district jail
Sirsa News Today: सिरसा जिला जेल में बंद कैदियों के बीच दो गुटों में हुई झड़प के दौरान दो बंदियों पर नुकीले हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे दोनों घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच करने में लगी हुई है।
सिरसा जेल में कैदियों के दो गुटों में झगड़ा
पुलिस को दिए बयान में गांव सुखचैन निवासी 25 वर्षीय बूटा सिंह ने बताया कि वह एक मामले में जिला जेल सिरसा में बंद है। पांच मार्च की शाम करीब पांच बजे वह अपने साथी कैदी सुखचैन गांव निवासी लछमन सिंह के साथ जेल की कैंटीन में सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान सकताखेड़ा गांव निवासी अनीश कुमार ने अचानक उस पर अपने हाथ में लिए सुए से हमला कर दिया। ( Latest News Sirsa )
बूटा सिंह के अनुसार अनीश कुमार ने उसकी गर्दन, पीठ और सिर पर वार किए। जब लछमन सिंह ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो अनीश कुमार और उसके एक अन्य साथी ने लछमन सिंह पर भी सुए व कटर से हमला कर दिया। इस दौरान लछमन सिंह के सिर और कमर पर चोटें आईं। जेल में शोर सुनकर मौके पर मौजूद जेल कर्मचारियों ने दोनों पक्षों को छुड़वाया और घायलों को तुरंत उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सिरसा पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार मेडिकल जांच में बूटा सिंह को तीन तथा लछमन सिंह को दो चोटें लगी हैं। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ बंदी अधिनियम सहित अन्य आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू की है।