Industrial Training Institute, Baddopatti
![]() |
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बाडोपट्टी की आधारशिला रखते हुए कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा। |
Hisar News: हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने रविवार को गांव बाडोपट्टी में बनने वाले नए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के भवन की आधारशिला रखी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए राज्य सरकार द्वारा 22.38 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है। भवन का निर्माण हरियाणा लोक निर्माण विभाग के माध्यम से कराया जाएगा। संस्थान का निर्माण करीब 6.08 एकड़ भूमि पर किया जाएगा। शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचने पर बरवाला क्षेत्र के विभिन्न गांव के पंच, सरपंचों व अन्य जनप्रतिनिधियों ने कैबिनेट मंत्री को सम्मान सूचक पगड़ी पहनाई और शौर्य स्वरूप गदा भेट की।
प्रदेश सरकार शिक्षा एवं कौशल विकास के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध: कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि प्रस्तावित आईटीआई भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। इसमें प्रशासनिक ब्लॉक, प्रधानाचार्य कक्ष, कार्यालय, स्टाफ रूम, पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब, ड्राइंग हॉल, इलेक्ट्रिशियन एवं स्टेनोग्राफी कक्ष, विभिन्न ट्रेडों के लिए आधुनिक थ्योरी एवं प्रैक्टिकल लैब, बहुउद्देशीय हॉल, रेडियोलॉजी टेक्नीशियन कक्ष, छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अतिरिक्त भवन परिसर में कैंटीन, रसोई, स्टोर, कॉमन रूम और अन्य सहायक सुविधाओं का भी निर्माण किया जाएगा। ( Baddopatti ITI News )
![]() |
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बाडोपट्टी की आधारशिला रखने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा। |
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी एवं कौशल आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नए आईटीआई के निर्माण से बरवाला व आसपास के क्षेत्र के युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण प्राप्त करने का बेहतर अवसर मिलेगा, जिससे उनकी रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा एवं कौशल विकास के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह आईटीआई क्षेत्र के युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा और औद्योगिक क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के दौरान गांव के सरपंच पवन शास्त्री की ओर से रखी गई विभिन्न मांगों को उन्होंने पूरा करने की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना और युवाओं को बेहतर शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि हरियाणा कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बना रहे। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि गांव बाड़ोपट्टी में एक करोड़ 14 लाख रुपए की लागत से फिरनी का कार्य जल्द ही पूरा किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित गति से कार्य पूर्ण करने की हिदायत दी। उन्होंने बताया कि हिसार में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके लिए 700 करोड रुपए से अधिक का टेंडर जल्द ही अलॉट किया जाएगा। आईएमसी के बनने से यहां कौशल आधारित रोजगार सृजित होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को काफी रोजगार के मिलेंगे।
उन्होंने गांव में ही खेत खलिहान योजना के तहत तीन नए रास्ते शुरू करवाने और 2 करोड़ 80 लाख रुपए की लागत से वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट, चैनल व टैंक बनाने के निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि गांव के विकास के लिए 16 करोड रुपए पूर्व में दिए गए थे, आगे भी विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार जल्द ही लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाने जा रही है। सितंबर से 1 लाख 80 हजार रुपए तक के आय वर्ग वाले परिवारों की 23 वर्ष से अधिक आयु की लाभार्थियों को लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ मिलेगा। इस अवसर पर महंत राज दास, एसडीएम अश्विर नैन, विष्णु, मांगेराम, सतपाल, आशीष जांगड़ा, पार्षद ओपी मालिया, भजनलाल, चंद्राराम गुरी, कृष्ण वर्मा, रामचंद्र गंगवा, देशराज, ओम प्रकाश, श्रवण, रणवीर, महावीर, सतबीर, सतीश, दयानंद, सरपंच विजय, रोहतास, विकास सहित अन्य नागरिक उपस्थित थे।



