डीसी राहुल नरवाल की नई पहल से सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को मिलेंगे प्रेरणा के नए पंख
Prerna Talkies Project Hansi : हर शनिवार बच्चों को दिखाई जाएंगी प्रेरणादायक फिल्में, मनोरंजन के साथ शिक्षा और व्यक्तित्व विकास पर रहेगा जोर
Hansi News:हांसी जिला प्रशासन द्वारा सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मक सोच और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक अनूठी पहल शुरू की गई है। उपायुक्त राहुल नरवाल के नवाचार एवं मार्गदर्शन में ‘प्रेरणा टॉकीज, कहानियां जो हौसला दें’ नामक विशेष प्रोजेक्ट का शनिवार से जिले के चयनित सरकारी स्कूलों में पायलट आधार पर शुभारंभ किया गया।
इस पहल के तहत विद्यार्थियों को प्रत्येक शनिवार प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक फिल्में तथा लघु वृत्तचित्र दिखाए जाएंगे।
डीसी राहुल नरवाल ने बताया कि इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के पारंपरिक तरीके से आगे ले जाकर उन्हें प्रेरणादायक कहानियों, महान व्यक्तित्वों के जीवन संघर्ष, विज्ञान, खेल, नवाचार, पर्यावरण और देशसेवा से जोड़ना है, ताकि विद्यार्थियों में बड़े सपने देखने, लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने का आत्मविश्वास पैदा हो सके।
15 स्कूलों में पायलट प्रोजेक्ट, हर शनिवार होगी प्रेरणादायक फिल्म की स्क्रीनिंग
डीसी राहुल नरवाल ने बताया कि प्रारंभिक चरण में हांसी जिले के 15 सरकारी विद्यालयों को इस प्रोजेक्ट के लिए चयनित किया गया है। इन विद्यालयों में प्राथमिक, माध्यमिक तथा वरिष्ठ माध्यमिक स्तर के विद्यार्थी शामिल हैं। प्रत्येक शनिवार आयोजित होने वाले कार्यक्रम को विद्यार्थियों के लिए अधिक रोचक, ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी बनाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण कदम है।
प्रोजेक्ट के तहत विद्यालयों में उपलब्ध स्मार्ट पैनल, प्रोजेक्टर एवं स्मार्ट क्लासरूम का उपयोग करते हुए विद्यार्थियों को उनकी आयु एवं कक्षा के अनुरूप चयनित फिल्में दिखाई जाएंगी। इसके लिए प्रेरणादायक फिल्मों एवं अन्य सामग्री का चयन भी किया जा चुका है।
Haryana Government School Movie Screening : मनोरंजन के साथ मिलेगी जीवन की सीख
‘प्रेरणा टॉकीज’ में प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए बाल फिल्में, एनिमेशन, पर्यावरण एवं प्रकृति से जुड़ी कहानियां तथा नैतिक मूल्यों पर आधारित सामग्री दिखाई जानी शुरू की गई है। वहीं बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान, अंतरिक्ष, नवाचार, खेल, देशसेवा, संघर्ष और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले प्रेरक व्यक्तित्वों के जीवन पर आधारित फिल्में एवं लघु वृत्तचित्र प्रदर्शित किए जा रहे हैं। इन फिल्मों के माध्यम से विद्यार्थियों को यह समझाने का प्रयास किया जाएगा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से जीवन में बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
फिल्म देखने के बाद होगी विद्यार्थियों के साथ चर्चा
इस पहल की खास बात यह होगी कि विद्यार्थी केवल फिल्म देखकर ही नहीं रहेंगे, बल्कि स्क्रीनिंग के बाद शिक्षक उनके साथ फिल्म की कहानी एवं उससे मिलने वाली सीख पर खुली चर्चा भी करेंगे। विद्यार्थियों से उनके विचार, पसंद और भविष्य के सपनों के बारे में बातचीत की जाएगी। इससे बच्चों में अभिव्यक्ति की क्षमता, तार्किक सोच और आत्मविश्वास को बढ़ावा मिलेगा।
उपायुक्त राहुल नरवाल का मानना है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें समय-समय पर ऐसी प्रेरणा और अवसर दिए जाएं, जो उन्हें अपने सीमित दायरे से बाहर निकलकर बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करें। इस उद्देश्य को पूरा करने में यह प्रोजेक्ट काफी कारगर साबित होगा।
प्रतीक्षा सांगवान का रहा अहम योगदान
डीसी राहुल नरवाल ने बताया कि इस अभिनव प्रोजेक्ट को विद्यालयों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी प्रतीक्षा सांगवान का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके द्वारा शिक्षा विभाग के अधिकारियों, सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, विद्यालय प्रभारियों एवं अध्यापकों के सहयोग से चयनित विद्यालयों में प्रोजेक्ट के संचालन की तैयारियां पूरी की गई हैं। इसके लिए डीसी राहुल नरवाल ने भी उनकी प्रशंसा की।
बच्चों में दिखा गजब का उत्साह
शनिवार 19 सितंबर को पहले ही दिन जब स्कूलों में ‘प्रेरणा टॉकीज’ का पर्दा खुला, तो बच्चों के चेहरों पर अद्भुत चमक, खुशी और तालियों की गूंज देखने को मिली। कक्षाओं में बैठे नन्हे-मुन्ने बच्चे पूरी तन्मयता के साथ इन कहानियों को देखते नजर आए। शनिवार को ‘आई एम कलाम’, ‘द जंगल बुक’ तथा ’12वीं फेल’ जैसी फिल्में दिखाई गईं।