खरीफ फसलों के पंजीकरण के लिए मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल दोबारा खुला
21 से 27 सितंबर तक किसान करा सकेंगे मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पर पंजीकरण: एसडीएम राजेश खोथ
Haryana News Today: खरीफ-2026 की फसलों का मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण करवाने से वंचित रहे किसानों के लिए सरकार ने पोर्टल को दोबारा खोलने का निर्णय लिया है। अब किसान 21 सितंबर से 27 सितंबर तक अपनी खरीफ फसलों का ( Meri Fasal Mera Byora Registration Date) पंजीकरण पोर्टल पर करवा सकेंगे।
हंसी के एसडीएम राजेश खोथ ने बताया कि जिन किसानों की खरीफ-2026 की फसलों का पंजीकरण निर्धारित अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 तक पोर्टल पर नहीं हो पाया था, वे अब इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। किसान स्वयं ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं अथवा नजदीकी सीएससी सेंटर पर जाकर अपनी फसल का विवरण पोर्टल पर दर्ज करवा सकते हैं।
एसडीएम ने बताया कि किसानों के लिए मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर फसल पंजीकरण करवाना महत्वपूर्ण है। पंजीकरण के माध्यम से किसान की फसल का विवरण सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज होगा और उसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत सरकारी खरीद में शामिल होने की सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने बताया कि सरकारी अथवा पंचायती भूमि पर बोई गई फसल का पंजीकरण भी मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल के निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाएगा।
किसानों से समय पर पंजीकरण करवाने की अपील
एसडीएम ने किसानों से अपील की कि वे 21 से 27 सितंबर के बीच अपनी खरीफ फसलों का पंजीकरण हर हाल में करवा लें। उन्होंने कहा कि किसान स्वयं पोर्टल पर पंजीकरण करें या नजदीकी सीएससी सेंटर की सहायता लें, ताकि फसल की बिक्री के समय किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और निर्धारित प्रक्रिया के तहत फसल बेचने की सुविधा मिल सके।