हांसी के 5 गांवों को मिली 3.42 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, विधायक विनोद भयाना ने किया शुभारंभ
हरियाणा न्यूज ( सुनील कोहाड़ ) । हांसी हलके के पांच गांवों में विकास कार्यों को नई गति मिली है। विधायक विनोद भयाना ने रविवार को उमरा, ढाणा कलां, गढ़ी, खरकड़ा और भाटोल जाटान गांवों में कुल 3 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं के तहत गांवों की फिरनी और गलियों का निर्माण, चौपालों की मरम्मत सहित पंचायत विभाग और लोक निर्माण विभाग से संबंधित कार्य करवाए जाएंगे।
विधायक ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों का समग्र विकास तथा लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं।
उमरा गांव में सबसे अधिक 1.43 करोड़ रुपये के काम शुरू
विकास कार्यों के लिए गांवों में अलग-अलग राशि निर्धारित की गई है। उमरा गांव में 1 करोड़ 43 लाख रुपये, ढाणा कलां में 92 लाख रुपये, खरकड़ा में 25.68 लाख रुपये और भाटोल जाटान में 30 लाख रुपये के विकास कार्य शुरू करवाए गए हैं। इसके अलावा अन्य विकास कार्यों का भी शुभारंभ किया गया।
विधायक विनोद भयाना ने कहा कि सड़क, गली, फिरनी और चौपाल जैसी सुविधाएं ग्रामीणों के दैनिक जीवन से सीधे जुड़ी हैं। इनके बेहतर होने से आवागमन आसान होगा और सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
अधिकारियों को गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश
विधायक ने कहा कि हलके के प्रत्येक गांव की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उनका प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे और किसी भी गांव में बुनियादी सुविधाओं की कमी न रहे।
उन्होंने कहा कि चौपालें ग्रामीण जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जहां सामाजिक कार्यक्रम, सामूहिक बैठकें और आपसी विचार-विमर्श होते हैं। चौपालों की मरम्मत और अन्य सुविधाओं के विकास से ग्रामीणों को बेहतर स्थान उपलब्ध होंगे।
उन्होंने दोहराया कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए हांसी हलके में विकास की गति लगातार बनाए रखी जाएगी।
ये गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद
इस अवसर पर राजपाल यादव, विधायक के राजनीतिक सलाहकार दिनेश भूटानी, मार्केट कमेटी के उपप्रधान सुरजीत गुर्जर, कृष्ण तनेजा, राजेश धमाणा, सुरेश खीचड़, तनुज खुराना, सुभाष यादव, सरपंच विजेंदर, सरपंच देवेंद्र, सुरेश कोच, सरपंच विनोद, विधायक के निजी सचिव रवि अरोड़ा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।