Rohtak News Today: रोहतक में बिजलीकर्मियों की हड़ताल से शहर से गांवों तक बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई। कहीं रातभर बिजली गुल रही तो कहीं – दिन चढ़ते ही आपूर्ति ठप हो गई। रोहतक, महम, कलानौर, सांपला में पिछले 30 घंटों से घरों में पंखे बंद, दुकानों और औद्योगिक क्षेत्रों का काम ठप पड़ा हुआ है।
वहीं अस्पतालों को जनरेटर का सहारा लेना पड़ा। हालात संभालने के लिए मैदान में महज 150 निजी कर्मचारी थे, जबकि निगम के करीब 40 अधिकारी और 1,500 कर्मचारी हड़ताल पर रहे। पहले ही दिन देर शाम तक 950 से ज्यादा शिकायतें दर्ज हो चुकी थीं। गुरुग्राम और नूंह में बिजली वितरण का 25 साल का लाइसेंस निजी कंपनी को देने के विरोध में कर्मचारियों ने राजीव गांधी विद्युत भवन में धरना दिया। हड़ताल ने बिजली निगम की वैकल्पिक व्यवस्था और आपूर्ति बहाल करने की क्षमता पर सवाल खड़े कर दिए।
गांवों और कालोनियों में बिजली संकट
महम, सांपला और कलानौर खंड के कई गांवों में बुधवार देर रात से बिजली आपूर्ति बाधित रही। रोहतक की नेहरू कालोनी, सैनिक कालोनी, शाम कालोनी, जगदीश कालोनी, शास्त्री नगर और सूर्या नगर सहित औद्योगिक क्षेत्र से सटी कालोनियां भी प्रभावित रहीं।
आइडीसी हिसार बाइपास की सिटी लाइन सुबह से बंद रही। माडल टाउन की 33 केवी लाइन दोपहर में ठप हुई, जबकि बाल भवन की लाइन में भी खराबी आई। सब डिविजन तीन बंद रहा। पावर हाउस चौक स्थित पावर हाउस पर निजी कंपनी के कर्मचारी तैनात रहे। देर शाम तक शिकायतों का निपटारा नहीं हो पाया।
सांपला व कलानौर में भी संकट
कलानौर में वीरवार रात करीब 10:30 बजे से बिजली गुल रही। पुलिस थाना, पुलिस चौकी और कस्बे के कई इलाके प्रभावित हुए। उपमंडल अस्पताल में सुबह नौ से दोपहर एक बजे तक जनरेटर चलाया गया, जिसमें करीब 50 लीटर डीजल खर्च हुआ। 33 केवी काहनौर सबस्टेशन की आपूर्ति सामान्य रही, जबकि निगाना सबस्टेशन से जुड़े क्षेत्र में बिजली संकट रहा।
वहीं, सांपला क्षेत्र के हसनगढ़ 33 केवी स्टेशन के 19 नियमित और छह अस्थायी कर्मचारी हड़ताल पर रहे। हसनगढ़, समचाना, गिझी, दतौड़, भैंसरू कलां और भैंसरू खुर्द में रात 11:15 बजे से बिजली प्रभावित रही। सांपला स्टेशन के 85 नियमित और 21 अस्थायी कर्मचारी भी हड़ताल पर थे। सांपला कस्बे, नया बांस और रोहद टोल तक औद्योगिक क्षेत्र की आपूर्ति प्रभावित हुई। इस्माइला स्टेशन के चारों कर्मचारी हड़ताल पर थे, हालांकि इस्माइला-9बी, इस्माइला-11बी, कुलताना और बेरी रोड औद्योगिक क्षेत्र में आपूर्ति जारी रही।









