Jind Dhathrath Firing Case
Jind News Today: जींद जिले के पिल्लू खेड़ा मंडी थाना क्षेत्र के गांव ढाठरथ में रंजिश को लेकर पशुबाड़े में काम कर रहे पशुपालक पर फायर कर दिए। इसमें हाथ पर गोली लगने से पशुपालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल पशुपालक को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल जींद में लाया गया है। पुलिस ने अमन, उसके भाई साहिल, मां सुनीता व पिता साधुराम को नामजद करते हुए अन्य पर मामला दर्ज किया है।
गांव ढाठरथ निवासी 40 वर्षीय रिंकू वीरवार शाम को अपने पशुबाड़े में काम कर रहा था। तभी गांव का ही अमन आया और रिंकू पर फायर कर दिए। इसमें गोली रिंकू के हाथ पर लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फायर करने के बाद अमन मौके से फरार हो गया।
गोली चलने की आवाज सुन कर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल रिंकू को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लेकर आए। घटना की सूचना मिलने पर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। रिंकू ने बताया कि उस पर पहले भी हमला हो चुका है।
जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि रिंकू की शिकायत पर गांव ढाठरथ निवासी अमन, साहिल, सुनीता व साधुराम को नामजद करते हुए कुछ अन्य पर मामला दर्ज किया है।













