Faridabad Abtak News: फरीदाबाद के सरूरपुर की यादराम कॉलोनी के पास खेत में मिले सचिन के शव के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने उसके दो दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान बलवंत कॉलोनी, सरूरपुर निवासी अंकित (23) व सोनू के रूप में हुई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पैसों का लेनदेन सामने आया। दोनों आरोपी और सचिन एक ही फैक्ट्री में काम करते थे। आरोपियों को सचिन से पैसे लेने थे, काफी समय से मांग रहे थे।
श्यामनगर सरूरपुर निवासी जगबीर ने शिकायत दी थी कि बेटा सचिन 2 नवंबर को फैक्ट्री में काम करने गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। 4 नवंबर को सचिन का शव यादराम कॉलोनी के पास खाली खेतों में पड़ा मिला था। गले पर चोट के निशान थे। थाना मुजेसर में हत्या का मामला दर्ज किया गया।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 प्रभारी नरेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने जांच के आधार पर 5 नवंबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 2 नवंबर को उन्होंने सचिन को शराब पिलाई और खुद भी शराब पी। इसके बाद उसे बंधक बना लिया। पैसों के विवाद में 3 नवंबर की रात यादराम कॉलोनी के पास खाली खेत में उसका गला रेतकर हत्या कर दी थी। पुलिस शुक्रवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करेगी।









