शादी में डीजे पर विवाद: पबनावा गांव में युवक की चाकू मारकर हत्या
कैथल डीजे विवाद में युवक की हत्या करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि डीजे पर नाचते समय दो युवकों में कहासुनी हो गई, जिसके बाद दूसरे युवक ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
शादी में DJ पर नाचते समय पैर छूने पर विवाद
मिली जानकारी के मुताबिक, कैथल जिले के गांव पबनावा में सोमवार को विशाल पुत्र बलराज सिंह की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान डीजे पर पबनावा गांव का ही 25 वर्षीय तनिष व अन्य युवक नाच रहे थे। नाचते समय तनिष का पैर साथ नाच रहे एक अन्य युवक से छू (टच) गया। इस बात को लेकर दूसरे युवक ने विरोध किया और उसकी तनिष के साथ कहासुनी हो गई।
पबनावा गांव में शादी में युवक की चाकू मारकर हत्या

बताया जा रहा है कि इसके बाद वह युवक वहां से चला गया और कुछ समय बाद वापस लौट आया। आते ही उस युवक ने तनिष पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से तनिष खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल तनिष को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
ढांड थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि पबनावा गांव में डीजे पर नाचते समय पैर पर पैर रखने को लेकर दो गुटों में झगड़ा हुआ था। विवाद बढ़ने पर कुछ समय के लिए डीजे को बंद भी करवाया गया था। जब सभी युवक वहां से चले गए, तो डीजे फिर से बजाना शुरू कर दिया गया। इसके बाद जब तनिष अपने घर लौट रहा था, तभी दूसरे गुट के युवकों ने उसका रास्ता रोककर उस पर चाकू से हमला कर दिया।

मृतक तनिष के परिजनों ने गांव के ही पांच युवकों पर डीजे विवाद में उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। इनमें तुषार, कृष, नीरज, एविश और सावन के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर इन पांचों युवकों के खिलाफ शादी समारोह में हुड़दंग करने और युवक की हत्या करने सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि मृतक तनिष पहले जर्मनी गया था, लेकिन कागजात में खामियां होने के कारण उसे दो साल पहले डिपोर्ट कर वापस भारत भेज दिया गया था। इसके बाद वह गांव में ही डेयरी चलाता था। उसकी शादी हो चुकी थी और उसकी चार महीने की एक बेटी है। अब परिवार में उसकी मासूम बेटी, पत्नी, माता-पिता और एक छोटा भाई रह गए हैं।








