राखीगढ़ी महोत्सव को लेकर प्रशासन अलर्ट, आसपास के गांवों को सजाने और साफ-सफाई के निर्देश
19 से 25 अक्टूबर तक होगा राखीगढ़ी महोत्सव, देश-विदेश से पहुंचेंगे पर्यटक; एसडीएम विकास यादव और पुरातत्व विभाग के अधिकारियों ने तैयारियों की समीक्षा की
Rakhigarhi Mahotsav 2026: राखीगढ़ी महोत्सव को यादगार बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय में प्रशासन और पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में महोत्सव की रूपरेखा तैयार करने के साथ-साथ राखीगढ़ी के आसपास के गांवों में साफ-सफाई और सजावट करवाने के निर्देश दिए गए।
बैठक की अध्यक्षता Narnaund SDM विकास यादव और पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के डिप्टी डायरेक्टर नरेंद्र परमार ने की। इसमें राखीगढ़ी के आसपास के गांवों के सरपंचों ने भी भाग लिया। अधिकारियों ने सभी सरपंचों को अपने-अपने गांवों में स्वच्छता अभियान चलाने और मुख्य चौराहों सहित प्रमुख स्थानों को सजाने के निर्देश दिए।
ग्रामीण संस्कृति से रूबरू होंगे देश-विदेश के पर्यटक

अधिकारियों ने बताया कि 19 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले राखीगढ़ी महोत्सव में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है। पर्यटकों को राखीगढ़ी के ऐतिहासिक महत्व से परिचित करवाने के साथ आसपास के गांवों का भ्रमण भी करवाया जाएगा, ताकि वे ग्रामीण जीवनशैली और हरियाणवी संस्कृति को करीब से जान सकें।
महोत्सव में स्थानीय लोगों की भागीदारी पर जोर
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि महोत्सव को सफल बनाने के लिए स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है। इसके लिए ग्रामीणों को कार्यक्रम से जोड़ने और महोत्सव का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सभी विभागों, ग्राम पंचायतों और स्थानीय लोगों के सामूहिक प्रयासों से महोत्सव को यादगार बनाया जा सकता है।
प्रशासन का उद्देश्य राखीगढ़ी की ऐतिहासिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के साथ क्षेत्र की ग्रामीण संस्कृति और परंपराओं को भी पर्यटकों के सामने प्रस्तुत करना है।













1 thought on “Rakhigarhi Mahotsav 2026: राखीगढ़ी महोत्सव 19 से 25 अक्टूबर तक, प्रशासन ने तेज की तैयारियां”