निपुण भारत मिशन के तहत 9 खंडों में 48 बैच बनाए, गतिविधि आधारित पढ़ाई पर रहेगा जोर
सुनील कोहाड़
हरियाणा न्यूज़, हिसार : सरकारी स्कूलों में प्राथमिक शिक्षा को रोचक और प्रभावी बनाने के लिए हिसार और हांसी के 9 खंडों में छ: दिवसीय अध्यापक प्रशिक्षण शिविर शुरू किए गए हैं। निपुण हरियाणा-निपुण भारत कार्यक्रम के तहत आयोजित इन शिविरों में 30 अक्टूबर तक 1972 प्राथमिक शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए कुल 48 बैच बनाए गए हैं। इस मौके पर उप जिला शिक्षा अधिकारी शर्मिला सिवाच भी उपस्थित रही।
यह जानकारी जिला परियोजना समन्वयक विजेंद्र सिंह ने बरवाला खंड के प्रशिक्षण केंद्र का औचक निरीक्षण उपरांत दी। उन्होंने प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कहा कि कक्षाओं को बाल-केंद्रित और गतिविधि आधारित बनाना जरूरी है। शिक्षकों को खेल-खेल में शिक्षा, आधुनिक शिक्षण सामग्री और रोचक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान मजबूत करने के तरीके बताए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि छ: दिवसीय प्रशिक्षण में पहले दिन बालवाटिका, कक्षा की गतिविधियों और प्रिंट-रिच वातावरण पर ध्यान दिया जाएगा। दूसरे और तीसरे दिन हिंदी भाषा शिक्षण के तहत मौखिक भाषा विकास, वर्ण-ध्वनि पहचान, पठन और लेखन की दक्षताओं पर प्रशिक्षण होगा। चौथे और पांचवें दिन गणित को गतिविधियों और खेलों के माध्यम से सिखाने की तकनीकें बताई जाएंगी। छठे दिन अंग्रेजी शिक्षण को सरल और दैनिक जीवन से जोड़ने पर जोर रहेगा।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए राज्य और जिला स्तर के अधिकारियों तथा प्रशिक्षकों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। राज्य परियोजना क्रियान्वयन इकाई के सदस्य अनुभव और जिला एफएलएन समन्वयक प्रमोद कुमार ने आदमपुर और हिसार-द्वितीय खंडों में निरीक्षण किया। वहीं, सभी खंड शिक्षा अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे प्रशिक्षण की समीक्षा की। राज्य प्रशिक्षक समूह और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, मात्रश्याम के प्रवक्ताओं ने भी विभिन्न केंद्रों पर अकादमिक सहयोग दिया।













1 thought on “हिसार-हांसी में 1972 शिक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण, 30 अक्टूबर तक शिविर”