15 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण के बाद महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल
हरियाणा न्यूज़, रेवाड़ी, 14 अक्तूबर। कृषि विज्ञान केंद्र रामपुरा में भारतीय कृषि सांख्यिकी अनुसंधान संस्थान, पूसा, नई दिल्ली की ओर से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 25 महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित की गईं। इन महिलाओं को मशीन वितरण से पूर्व 15 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया, ताकि वे प्रशिक्षण का लाभ उठाकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें।
कौशल प्रशिक्षण और स्वरोजगार के अवसर
कार्यक्रम में पूसा, नई दिल्ली से डॉ. पंकज दास और डॉ. सोमेनपाल, कृषि विज्ञान केंद्र से एमडी डॉ. कपूर, गांव के सरपंच नरेश यादव नरू तथा प्रशिक्षण प्रभारी राजकुमारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं घर पर ही सिलाई का कार्य शुरू कर सकती हैं और अपनी मेहनत एवं हुनर के माध्यम से परिवार की आय बढ़ाने में योगदान दे सकती हैं।
वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना समय की आवश्यकता है। इससे महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत बनने के साथ-साथ आत्मविश्वास के साथ अपने परिवार और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। सरपंच नरेश यादव नरू ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को अपने हुनर का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने तथा स्वरोजगार को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।











