रोहतक का अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री दर्ज
Rohtak weather Update: मानसून की विदाई के बाद अब मौसम के मिजाज में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है। 10 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक मौसम रोहतक जिले के विभिन्न हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, हल्की गर्जना के साथ छिटपुट बूंदाबांदी होने और 40 से 50 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
रात के तापमान में गिरावट
वहीं, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम के बदलाव से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। आगे क्या रहेगाः मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 12 अक्टूबर के बाद यह पश्चिमी विक्षोभ धीरे-धीरे पूर्व की ओर बढ़ जाएगा। जिसके बाद 13-14 अक्टूबर से आसमान फिर से साफ होगा और उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाओं के असर से रात के तापमान में और अधिक गिरावट देखने को मिलेगी।
डॉ. वीरोत्तम, मौसम वैज्ञानिक
बदलाव का कारण सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ
अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में होने वाले बदलाव का मुख्य कारण उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ है। भूमध्य सागर से उठने वाली नमी युक्त हवाएं जब हिमालयी क्षेत्रों से टकरा रही हैं। इससे रोहतक और उसके आसपास के क्षेत्र में दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसके प्रभाव से चक्रवातीय हवाओं का परिसंचरण बन रहा है। इससे अचानक हवा की दिशा बदल रही है और वायुमंडल में नमी बढ़ रही है। इसी वजह से 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की उम्मीद है।












