Revealed in postmortem report of dead body found in Meham rohtak
महम शुगर मिल फ्लाईओवर के पास मिले युवक की हत्या की पुष्टि
Meham Rohtak News : रोहतक जिले के महम क्षेत्र के गांव भैणी महाराजपुर में शुगर मिल पलाईओवर के पास सड़क किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का नग्न अवस्था में शव मिला था। व्यक्ति की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि उसकी हत्या की गई है। इस मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है। मृतक की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष बताई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के सिर की दाहिनी तरफ चोट तथा चौथी और छठी पसली में फ्रैक्चर का उल्लेख किया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर महम पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। 22 सितंबर 2026 को महम थाना पुलिस को गन्ना मिल के पास शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर एसआई नरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहां गांव भैणी महाराजपुर की सरपंच दर्शना देवी भी पहुंचीं और उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दी। शव झाड़ियों में मुंह के बल पड़ा था।
पहचान नहीं होने पर किया अंतिम संस्कार
शव का पोस्टमार्टम 23 सितंबर को कराया। मृतक की पहचान नहीं होने पर शव को 72 घंटे तक पहचान के लिए रखा गया। इस बीच पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए काफी प्रयास किए थे, लेकिन शव की पहचान नहीं हो सकी थी। आसपास के जिलों की पुलिस को भी सूचना भिजवाने के साथ गांवों के मुखियाओं और आमजन को भी सूचित किया। इसके बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद 26 सितंबर को नगर पालिका रोहतक के कर्मचारी को शव अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।












