हिसार में स्कूल-कॉलेजों के आसपास चलेगा विशेष चेकिंग अभियान, युवाओं तक नशे की सप्लाई रोकने के निर्देश
हरियाणा न्यूज ( सुनील कोहाड़ ): हिसार के स्कूल-कॉलेजों के आसपास नशे की सप्लाई रोकने के लिए हिसार प्रशासन अब विशेष निगरानी और चेकिंग अभियान पर जोर देगा। उपायुक्त महेंद्र पाल ने अधिकारियों को शिक्षण संस्थानों के आसपास सतर्कता बढ़ाने और नशा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना और जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाना है।
सोमवार को लघु सचिवालय स्थित वीसी हॉल में आयोजित एनकॉर्ड बैठक में उपायुक्त ने कहा कि नशे के हॉटस्पॉट क्षेत्रों के साथ-साथ स्कूलों और कॉलेजों के आसपास भी विशेष निगरानी रखी जाए। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त स्टाफ तैनात कर चेकिंग अभियान चलाए जाएं, ताकि युवाओं तक नशीले पदार्थों की सप्लाई को रोका जा सके।
एक महीने में 40 नशा तस्कर गिरफ्तार
बैठक में पुलिस विभाग ने सितंबर माह की कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत की। रिपोर्ट के अनुसार, जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत नशा तस्करी के 25 मामले दर्ज किए गए और 40 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 119 किलो 331 ग्राम गांजा, 1 किलो 508 ग्राम अफीम, 320 ग्राम चरस/सुल्फा, 249 ग्राम 770 मिलीग्राम हेरोइन और अल्प्राजोलम की 11,700 नशीली गोलियां बरामद कीं।
नशा तस्करों की 12.40 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति अटैच की जा चुकी है, जबकि 24.37 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति अटैच करने की प्रक्रिया जारी है।
युवाओं को नशे से बचाने पर प्रशासन का जोर
उपायुक्त महेंद्र पाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ जागरूकता अभियान भी लगातार चलाया जाए। स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों और युवाओं को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी जाए। साथ ही, नशे की लत से पीड़ित लोगों को उचित उपचार और परामर्श उपलब्ध करवाने के लिए नशा मुक्ति केंद्रों की मदद ली जाए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में अब तक 2,21,155 लोगों को जागरूक किया जा चुका है। अभियान के दौरान 2,751 नशा पीड़ितों की पहचान हुई, जिनमें से 1,488 को दवाई दी गई। इसके अलावा 182 लोगों को नशा मुक्ति केंद्रों में दाखिल करवाया गया है।
101 गांव और 4 वार्ड नशा मुक्त घोषित
प्रशासन के अनुसार, जिले में अब तक 101 गांवों और चार वार्डों को नशा मुक्त घोषित किया जा चुका है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि नशा तस्करों पर कार्रवाई के साथ प्रभावित लोगों को नशे से बाहर निकालने और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास भी किए जाएं।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, एएसपी मयंक मुदगिल, डीडीपीओ नरेंद्र कुमार सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।















1 thought on “Hisar News: हिसार स्कूल-कॉलेजों के आसपास अब क्या होने जा रहा है? उपायुक्त के आदेश से मचा हड़कंप!”