Sanitation Worker Set Himself on Fire :
50 फीसदी झुलसा, लोगों की सूझबूझ से ब ची जान, अस्पताल में करवाया दाखिल
![]() |
| आग से झुलसे नपा कर्मचारी को अस्पताल ले जाती पुलिस। |
सिरसा: नगरपालिका रानियां में कार्यरत एक सफाई कर्मचारी ने शहर के शहीद भगत सिंह चौक में स्वयं को जिंदा जलाने का प्रयास करते हुए खुद को आग लगा ली लेकिन लोगों की सूझबूझ ने उसे बचा लिया। इस आगजनी में वह 50 फीसदी तक झुलस गया।
सफाई कर्मचारी की पहचान हरबंस लाल निवासी वार्ड नंबर 2 के रूप में की गई है। गंभीर रूप से झुलसे सफाई कर्मचारी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल करवाया गया है। घटना की सूचना तुरंत पुलिस व कर्मचारी के परिजनों को दी गई और वे मौके पर पहुंच गए। घटना के सिलसिले में शहर के भगत सिंह चौक के दुकानदारों ने बताया कि रविवार सुबह करीब 11 बजे एक व्यक्ति भगत सिंह चौक में आया और उसकी गतिविधियां दुकानदारों को सदिग्ध लगी। इससे पहले कि दुकानदार कुछ समझ पाते उक्त व्यक्ति ने स्वयं को आग लगा ली। दुकानदारों ने तुरंत उस पर पानी व कंबल डालकर आग को बुझाते हुए उसे बचा लिया।
कर्मचारी के परिजनों ने बताया कि वह नगरपालिका में सफाई का कार्य करता है और अविवाहित है। वह पिछले कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था, इसलिए उसने परेशान होकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने का प्रयास किया है। फिलहाल उसे उपचार के लिए रानियां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल करवाया गया है। उधर पुलिस को सूचना किए जाने पर मौके पर डायल 112 की टीम भी पहुंची। पुलिस अधिकारी सुभाष कुमार ने बताया कि डायल 12 नंबर पर कॉल आने पर पुलिस फौरन मौके पर पहुंची। दुकानदारों व लोगों की मदद से सफाई कर्मचारी को बचा लिया गया है और स्थानीय पुलिस प्रशासन इस जांच में जुट गया है कि उक्त सफाई कर्मचारी ने खुद को आग के हवाले क्यों किया?
