Collision between pick up and three wheeler
हादसा होने के बाद घायल को अस्पताल छोड़ने गए पिकअप चालक से मारपीट
हरियाणा न्यूज जींद : गांव बडनपुर निवासी विकास उर्फ विक्की ने थाना शहर नरवाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह प्राइवेट कार्य करता है। शनिवार को वह अपने दोस्त गांव निवासी प्रवीन के साथ प्रवीन के भाई नवीन की पिकअप गाड़ी लेकर किसी काम से कर्मगढ़ गांव गया था। वहां से काम पूरा करने के बाद जब वे वापस घर लौट रहे थे तो गाड़ी को वह चला रहा था जबकि प्रवीन साइड वाली सीट पर बैठा था। जब वे शाम करीब 6 बजे गांव धरौदी से नरवाना शहर की तरफ रेलवे फाटक नरवाना से करीब 1 किलोमीटर पहले पहुंचे तो सामने से आ रहे एक थ्री व्हीलर के साथ उनकी पिकअप का एक्सीडेंट हो गया। जिसमें श्री व्हीलर चालक को चोटें आईं जबकि वे बाल-बाल बच गए।
हादसा देखकर थ्री व्हीलर चालक के 5-7 जानकार व्यक्ति वहां पर आ गए तथा पिकअप में घायल को डालकर उसे व प्रवीन सहित नागरिक अस्पताल नरवाना ले गए। जहां पर घायल को अस्पताल में दाखिल करवा दिया गया। इसके बाद उसे तथा प्रवीन को पकड़कर धक्के मारते हुए उक्त 5-7 व्यक्ति अस्पताल की बिल्डिंग से बाहर ले आए तथा वहां पर उन्हें थप्पड़ मुक्कों व लातों से मारा। पीट-पीट कर उन्होंने दोनों को अधमरा कर दिया। उनके द्वारा बचाव में चिल्लाने पर अन्य लोगों को आता देखकर वहां से भाग गए। किसी व्यक्ति ने डाक्टर के पास ले जाकर उसका उपचार करवाया। इस दौरान उसने पाया कि उसके पास मोबाइल भी गायब था। जिसे मारपीट करने वालों में कोई चोरी करके ले गया है।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे नागरिक अस्पताल भेज दिया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि नरवाना नागरिक अस्पताल में कैमरे लगे हुए हैं। जिनमें मारपीट की घटना कैद है। कैमरों में दर्ज आरोपियों का पता लगाकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसका मोबाइल वापस दिलाया जाए। थाने में सभी आरोपियों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी है।