accidents in Hisar: youth from Sandlana village died after colliding with tractor trolley, labourer died after being hit by an unknown vehicle
खड़ी ट्राली से बाइक टकराने से हुआ हादसा,
हरियाणा न्यूज टूडे /सुनील कोहाड़।
हिसार एक्सीडेंट : हिसार जिले में अलग-अलग हादसों में दो व्यक्तियों की मौत हो गई। पहले हादसे में बीती रात्रि गांव सरहेडा और मतलोढा के बीच खड़ी ट्राली में एक मोटरसाइकिल टकरा गई, जिससे मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक की मौत हो गई और दूसरा युवक घायल हो गया। घायल युवक को उपचार हेतु अग्रोहा मैडीकल में दाखिल करवा दिया गया है।
पुलिस ने मृतक युवक के भाई गांव संदलाना निवासी अजय के बयान पर ट्राली के अज्ञात चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
इस मामले की जांच कर रहे हैड कांस्टेबल हरदीप ने बताया कि रविवार रात्रि लगभग साढ़े 9 बजे गांव संदलाना निवासी अमित (23) और सुलेख आवश्यक कार्य हेतु मोटरसाइकिल पर सवार होकर बरवाला आ रहे थे तो बीच रास्ते गांव सरहेडा और मतलोढा के बीच खडी ट्राली में मोटरसाइकिल टकरा गई, जिससे मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवक अमित और सुलेख गंभीर रूप से घायल हो गए। इन दोनों घायलों को उपचार हेतु बरवाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां पर अमित की उपचार के दौरान मौत हो गई।
घिराय के पास वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत
वहीं दूसरे हादसे में घिराय गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार प्रवासी मजदूर की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया। मृतक का नाम सोनू महतो है जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। बीते दो महीने से गांव घिराय में मजदूरी करता था।
मृतक के रिश्तेदार देवेंद्र ने बताया कि सोनू महतो बिहार के पूर्णिया जिले का रहने वाला था। वह शादीशुदा था और उसको एक लड़की है। बीते 2 महीनों से वह उसके पास घिराय गांव में रह रहा था और राज मिस्त्री के साथ मजदूरी करता था। सोमवार सुबह करीब 9 बजे वह किसी काम से घर से साइकिल पर खेतों की तरफजा रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन में साइकिल को टक्कर मार दी। इससे वह साइकिल सहित वह सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हांसी सदर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मृतक के शव का हिसार के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा दिया है।
तोशाम रोड पर बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई
हिसार : तोशाम रोड पर सोमवार सुबह तोशाम से आ रही रोडवेज की बस मायापुरी के पास अंसतुलित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर लगने के कारण बस में सवार कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई और बस क्षतिग्रस्त हो गई। बस में सवार यात्रियों को दूसरी बस से अपने गंतव्य की तरफ भेजा गया।
हिसार डिपो की बस तोशाम से आ रही थी। रास्ते में मायापुरी के पास बस के सामने एक कार चल रही थी। बताया जा रहा है कि सड़क पर गड्ढे के कारण बस के आगे चल रही कार ने अचानक कट मार दिया, जिसको बचाने के चक्कर में बस के चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। जिस कारण बस में आगे बैठी चार-पांच सवारियों को मामूली चोटें आई। हादसे में बस क्षतिग्रस्त हो गई। घटना का पता चलने पर आजाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
ये खबरें भी पढ़ें :-
हरियाणा की ताजा खबर ,
