Verification: eefe237ed2c24d7f

Morning News: खेल ग्रेडेशन नीति में संशोधन, जर्जर भवनों में नहीं लगेंगी कक्षाएं, मौसम अपडेट

0 minutes, 20 seconds Read

Morning News headlines in Hindi

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Morning News: हरियाणा ओलंपिक संघ के महासचिव एवं पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने खेल ग्रेडेशन नीति में किए गए संशोधन का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं खेल मंत्री गौरव गौतम का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में लिए गए इस ऐतिहासिक निर्णय के तहत अब हरियाणा स्टेट गेम्स में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को भी खेल ग्रेडेशन का लाभ मिलेगा, जिससे उन्हें सरकारी नौकरियों सहित विभिन्न अवसरों में लाभ प्राप्त होगा। यह फैसला प्रदेश के हजारों खिलाड़ियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा, खेल संस्कृति को और मजबूत करेगा तथा युवाओं को खेलों के प्रति अधिक प्रेरित करेगा।

 

सरकारी स्कूलों की जर्जर इमारतों को गिराकर आधुनिक एवं आकर्षक वर्टिकल भवनों का होगा निर्माण

Viral News: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सुशासन सहयोगियों (CMGGA) के साथ बैठक में निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों की जर्जर इमारतों को गिराकर आधुनिक एवं आकर्षक वर्टिकल भवनों का निर्माण किया जाए तथा शेष भूमि का उपयोग बच्चों के लिए खेल मैदान के रूप में किया जाए।

 

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि गर्मी की छुट्टियों के बाद किसी भी जर्जर भवन में कक्षाएं न लगें। आवश्यकता होने पर विद्यार्थियों को अस्थायी रूप से निकटवर्ती सरकारी भवनों अथवा अन्य स्कूलों में स्थानांतरित किया जाए। साथ ही, स्कूलों में साइंस लैब, कंप्यूटर लैब, ड्यूल डेस्क सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने, पुराने उपकरणों की एक माह के भीतर नीलामी तथा नए भवनों के निर्माण कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।

Weather Update in Haryana

कृषि मौसम विज्ञान विभाग चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार
27 जून, 2026 :
मौसम पूर्वानुमान: हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 2 जुलाई तक परिवर्तनशील रहने व बीच बीच में आंशिक बादलवाई तथा हवाओं की दिशा में बदलाव की संभावना है। इस दौरान दक्षिण पश्चिमी हवाएं चलने से वातावरण में नमी बढ़ने तथा तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। वातावरण में नमी बढ़ने व तापमान में बढ़ोतरी से कुछ एक स्थानों पर गरजचमक के साथ छिटपुट बूंदाबांदी भी संभावित है। दो जुलाई के बाद ही मानसूनी हवाओं के कारण प्रीमानसून बारिश की भी संभावना बन रही है जिससे तापमान में फिर से गिरावट की संभावना है।

हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई : कुमारी सैलजा

चंडीगढ़, 27 जून।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी.) की सदस्य, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बद से बदतर होती जा रही है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे जनप्रतिनिधियों को भी खुलेआम जान से मारने की धमकियां देने लगे हैं और करोड़ों रुपये की फिरौती मांग रहे हैं।

 

कुमारी सैलजा ने कहा कि कुछ दिन पहले महम से कांग्रेस विधायक श्री बलराम दांगी के कार्यालय के बाहर फायरिंग की घटना हुई थी और अब उन्हें 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी गई है। यह घटना केवल एक विधायक पर हमला नहीं, बल्कि पूरे लोकतांत्रिक तंत्र और कानून व्यवस्था को खुली चुनौती है।

 

सांसद ने कहा कि जब एक निर्वाचित विधायक ही स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा, तो आम नागरिक की सुरक्षा का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। भाजपा सरकार के शासन में अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो चुका है और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। हत्या, लूट, फिरौती, गोलीबारी और संगठित अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हुई है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार की पहली जिम्मेदारी होती है, लेकिन वर्तमान सरकार इस मूल दायित्व को निभाने में असफल रही है। प्रदेश में भय और असुरक्षा का वातावरण बन गया है, जिससे आम जनता स्वयं को असहाय महसूस कर रही है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि महम विधायक को धमकी देने वाले अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। हरियाणा भय और अपराध से नहीं, बल्कि संविधान और कानून के शासन से चलना चाहिए।

बॉक्स

हरियाणा कांग्रेस के नए प्रभारी संजय दत्त को कुमारी सैलजा ने दी शुभकामनाएं

सिरसा लोकसभा क्षेत्र की सांसद, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी.) की सदस्य एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व द्वारा श्री संजय दत्त को हरियाणा कांग्रेस का प्रभारी नियुक्त किए जाने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

कुमारी सैलजा ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व एवं संगठनात्मक अनुभव से हरियाणा कांग्रेस को नई मजबूती मिलेगी तथा पार्टी की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को और अधिक प्रभावी ढंग से जनता के बीच पहुंचाने में सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करेंगे।

हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी के रूप में श्री बी. के. हरिप्रसाद द्वारा संगठन को दिए गए मार्गदर्शन, समर्पण एवं महत्वपूर्ण योगदान के लिए उनका हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सभी उपायुक्तों को अपने-अपने जिलों में अग्नि सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील एवं अधिक भीड़भाड़ वाले प्रतिष्ठानों की व्यापक पहचान और निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

इस अभियान के तहत कोचिंग सेंटर, पीजी आवास, होटल, औद्योगिक इकाइयों, व्यावसायिक भवनों सहित अन्य संवेदनशील प्रतिष्ठानों का अग्नि सुरक्षा ऑडिट कराया जाएगा। साथ ही, निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए कमियां पाए जाने पर तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।

 

पल्स पोलियो अभियान शुरू

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, हरियाणा के निदेशक डॉ. वीरेंद्र यादव ने बताया कि 28 जून से प्रदेशभर में राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस (NID) के तहत पल्स पोलियो अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के दौरान 0 से 5 वर्ष तक के लगभग 36 लाख बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

अभियान के पहले दिन (28 जून) 17,331 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे, जबकि 29 और 30 जून को 34,000 से अधिक टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। डॉ. वीरेंद्र यादव ने अभिभावकों से अपील की कि वे 28 जून को अपने बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएं तथा घर-घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीमों का सहयोग करें, ताकि हरियाणा को पोलियो मुक्त बनाए रखने के इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाया जा सके।

 

वायु गुणवत्ता निगरानी नेटवर्क का विस्तार

एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण अभियान को गति देते हुए मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने व्यापक कार्ययोजना की समीक्षा कर सभी विभागों को सर्दियों से पहले सभी उपाय तय समय-सीमा में लागू करने के निर्देश दिए।

हरियाणा सरकार स्वच्छ वायु अभियान के तहत 925 नई इलेक्ट्रिक बसें चरणबद्ध तरीके से संचालित करेगी, 23 नए निरंतर परिवेशी वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र (CAAQMS) स्थापित कर वायु गुणवत्ता निगरानी नेटवर्क का विस्तार करेगी तथा 1 अक्टूबर, 2026 से ‘नो पीयूसीसी, नो फ्यूल’ नीति लागू करेगी। इसके साथ ही लगभग 1,000 किलोमीटर शहरी सड़कों का पुनर्विकास, प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों एवं उद्योगों पर सख्त कार्रवाई तथा वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन के माध्यम से एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण को और प्रभावी बनाया जाएगा।

-संत कबीर जयंती पर ढाणी गारण (हंस नगर) में कार्यक्रम आयोजित
-कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने की शिरकत
विकास कार्यों का किया लोकार्पण, वाटर वर्क्स का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए निर्देश


हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने शनिवार को संत शिरोमणि कबीर दास जी की जयंती के उपलक्ष में ढाणी गारण( हंसनगर) में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने बीसी चौपाल में 11 लाख रुपए की लागत से बने नव-निर्मित शेड तथा बीसी चोपाल में नवनिर्मित हॉल का विधिवत लोकार्पण कर ग्रामीणों को समर्पित किया।

संत कबीर जयंती पर ढाणी गारण (हंस नगर) में कार्यक्रम आयोजित
संत कबीर जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा संबोधित करते हुए।


अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने संत शिरोमणि कबीर के जीवन एवं उनके संदेशों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके विचार सामाजिक समरसता, समानता और मानवता की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि संत महापुरुष किसी एक समाज या जाति के नहीं होते वे सर्व समाज के होते हैं। उनकी जयंतियां मनाया जाना तभी सार्थक होगा जब हम गुरु महाराज की शिक्षाओं पर भी चले। नशे जैसी बुराइयों से अपने युवाओं को बचाएं और उन्हें अच्छी शिक्षा दिलाकर उन्हें काबिल बनाए। हरियाणा सरकार सरकारी स्तर पर महापुरुषों की जयंतियां मना रही है, इसका यही कारण है कि समाज के युवा महापुरुषों के बताए रास्ते पर चले।

 

कैबिनेट मंत्री रणवीर गंगवा ने कहा कि बरवाला विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। ढाणी गारण में अच्छी सडक़े बनवाई गई है। इसके अलावा सीवरेज लाइन भी मंजूर कर दी गई है। जल्द ही क्षेत्र में एसटीपी बनाया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने चौपाल के लंबित कार्यों को भी पूरा करवाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पास के गांव ढाणी खान बहादुर में एक अलग से जल घर को भी मंजूर कर दिया गया है। इससे क्षेत्र में जलापूर्ति की व्यवस्था में सुधार होगा।

संत कबीर जयंती पर ढाणी गारण (हंस नगर) में कार्यक्रम आयोजित
संत कबीर जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा को सम्मानित करते हुए।


कार्यक्रम के दौरान मंत्री रणबीर गंगवा ने गांव के वाटर वर्क्स का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था के रखरखाव तथा आवश्यक सुधार कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश भी दिए।


कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक गांव में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराकर लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना है।


कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस अवसर पर चेयरमैन प्रवीण सैनी, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, रणधीर धीरू, सुंदर बंसल, रोहतास, सरपंच सोनू रामनिवास, विजय, सतवीर, सोमवीर, धर्मपाल, निहाल सिंह, सूरजभान व अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

 


संत कबीर जयंती पर चौधरीवास में कार्यक्रम आयोजित
विधायक रणधीर पनिहार ने विकास कार्यों का किया शिलान्यास
हिसार, 27 जून।


संत शिरोमणि कबीर दास जी की जयंती के उपलक्ष्य में गांव चौधरीवास में शनिवार को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नलवा विधायक रणधीर पनिहार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

संत कबीर जयंती पर चौधरीवास में कार्यक्रम आयोजित विधायक रणधीर पनिहार ने विकास कार्यों का किया शिलान्यास
संत कबीर जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में कैबि
नलवा विधायक रणधीर पनिहार को सम्मानित करते हुए


इस अवसर पर विधायक रणधीर पनिहार ने लगभग 11 लाख रुपये की लागत से बनने वाले शेड तथा 4 लाख रुपये की लागत से कबीर छात्रावास के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया।


अपने संबोधन में विधायक रणधीर पनिहार ने संत शिरोमणि कबीर दास जी के जीवन, विचारों एवं शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित जनों से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संत कबीर ने सामाजिक समरसता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

 

 


उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार नलवा विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य करवा रही है। क्षेत्र में लगभग 1 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से खेतों के रास्तों का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा अनेक विकास परियोजनाएं पूरी की जा चुकी हैं तथा कई अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर शीघ्र कार्य शुरू किया जाएगा।
इस अवसर पर अशोक लखेरा, जोगीराम खुंडिया, रोहतास गावड़, रामबीर फौजी, सत्यम धीरनवास, कुलदीप गोरछी, राजकुमार, रोहतास नागर, अनिल मास्टर सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

अमेरिका के एक फ़ेडरल जज ने अरबपति गौतम अडानी और सात अन्य लोगों के ख़िलाफ़ आपराधिक आरोपों (indictment) को हटाने की डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की तुरंत मंज़ूरी वाली अपील को ठुकरा दिया है। इसके बजाय, जज ने अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) को निर्देश दिया है कि वह विदेशी रिश्वतखोरी के सबसे हाई-प्रोफ़ाइल मुकदमों में से एक को अचानक छोड़ने के अपने फ़ैसले के पीछे विस्तृत और तथ्यों पर आधारित कारण बताए।

अमेरिकी जज ने कहा कि DOJ आरोपों को हटाने को सही ठहराने के लिए “पर्याप्त कारण और तथ्य देने की अपनी ज़िम्मेदारी पूरी करने में नाकाम रहा है”। उन्होंने लिखा कि उस जानकारी के बिना, कोर्ट अपने विवेक का सही इस्तेमाल नहीं कर सकता और इसके बजाय “अपील पर फ़ैसला करते समय अपने विवेक का गलत इस्तेमाल करने का जोखिम उठाता है”।

उन्होंने सरकारी वकीलों को निर्देश दिया कि वे 13 जुलाई तक आरोपों को हटाने की अपील के लिए “हर कारण” और “हर आधार के लिए पर्याप्त तथ्य” कोर्ट के सामने पेश करें, ताकि कोर्ट इस बात पर विचार कर सके कि अपील को मंज़ूरी दी जाए या नहीं।

 

सरकार महिलाओं की सुरक्षा और उत्थान के लिए तत्पर: मीना परमार

हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने किया महिला थाना का निरीक्षण

-वन स्टॉप सेंटर में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

-अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ट्रस्ट के सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में की शिरकत

रेवाड़ी, 27 जून।

हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने शनिवार को रेवाड़ी में महिला थाना का निरीक्षण कर वहां महिलाओं की सुरक्षा एवं सहायता से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष डा. वंदना पोपली भी विशेष रूप से मौजूद रही। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों से महिला सुरक्षा, शिकायतों के निस्तारण तथा पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर उपाध्यक्ष मीना परमार ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

 

इसके उपरांत महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने वन स्टॉप सेंटर का दौरा कर वहां संचालित सेवाओं और महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सहायता एवं सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि महिला उत्पीड़न से प्रभावित महिलाओं को त्वरित एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें समय पर न्याय और आवश्यक सहयोग मिल सके। उन्होंने कहा कि महिला आयोग 24 घंटे सातों दिन पीड़ित महिलाओं के लिए तत्पर रहता है। कोई भी पीड़ित महिला वन स्टॉप सेंटर(सखी) या महिला हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दे सकती है। उनकी शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई की जाती है।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार युवाओं को किया सम्मानित

 रेवाड़ी प्रवास के दौरान हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ट्रस्ट द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस समारोह में हरियाणा के पर्यावरण वन जलवायु परिवर्तन आयोग के चेयरमैन उमेश भाटी भी विशेष रूप से मौजूद रहे। 

इस अवसर पर आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण और उत्थान के लिए कार्य कर रही है। महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में निरंतर कदम उठाए जा रहे है। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार विद्यार्थियों एवं युवाओं को सम्मानित भी किया गया। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान समाज को नई दिशा देता है तथा युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। 

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास कार्यक्रम अधिकारी शालू यादव, महिला थाना प्रभारी सरिता, वन स्टॉप सेंटर संचालिका ललिता कालड़ा, सदस्य नीतू चौधरी, रमेश वशिष्ठ, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

 

30 जून को गांव बेरली कलां में प्रशासन का रात्रि ठहराव कार्यक्रम

-डीसी अभिषेक मीणा व एसपी हेमेंद्र मीणा ग्रामीणों से करेंगे सीधा संवाद

रेवाड़ी, 27 जून।

जिला प्रशासन की ओर से मंगलवार, 30 जून को गांव बेरली कलां में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

  नगराधीश जितेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि डीसी अभिषेक मीणा व एसपी हेमेंद्र मीणा रात्रि ठहराव के दौरान ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक व व्यक्तिगत समस्याओं को सुनकर उनका समाधान किया जाएगा। सीटीएम ने बताया कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान परिवार पहचान पत्र व राशन कार्ड से संबंधित समस्या के लिए हैल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी। इसके अलावा सरकार की जनहितकारी नीतियों की जानकारी देने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। 

 

 

 

📢 हरियाणा की हर ब्रेकिंग न्यूज़ सबसे पहले पाने के लिए हमारा WhatsApp Channel अभी जॉइन करें।

📲 WhatsApp Channel Join करें

Related Posts

Contact us: info@haryana-news.in

© 2025 Haryana News. All Rights Reserved.

About Us | Privacy Policy | Contact Us | Disclaimer