Fatehabad robbery exposed
Fatehabad News Today: फतेहाबाद पुलिस ने राहगीर से लूटपाट की वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सहित एक नाबालिग को काबू करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
थाना शहर फतेहाबाद के प्रभारी निरिक्षक सुरेन्द्रा ने बताया कि शिकायतकर्ता भरत नागपाल ने शिकायत दी थी कि 30 जून की रात वह अपनी एक्टिवा स्कूटी पर गांव धांगड़ से फतेहाबाद की ओर लौट रहा था। भूना पुल से करीब एक किलोमीटर पहले सर्विस रोड पर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उसकी स्कूटी को जबरन रुकवा लिया। आरोपियों ने हाथों में ईंटें लेकर उसे जान से मारने की धमकी दी तथा उसकी जेब से 2,500 रुपये नकद, मोबाइल फोन और स्कूटी की चाबी लूटकर मौके से फरार हो गए। ( City News Fatehabad Haryana )
शिकायत के आधार पर थाना शहर फतेहाबाद में मुकदमा नम्बर 294 दिनांक 04.07.2026 धारा 309(4),351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचना एवं अन्य सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए वारदात का खुलासा कर दिया। लूट के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान बंटी उर्फ सुखा पुत्र जांग भादर निवासी गांव बरसीन के रूप में हुई है, जबकि वारदात में शामिल एक नाबालिग को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार काबू किया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। कि आरोपियों का पूर्व में भी किसी आपराधिक वारदात में संलिप्तता रही है या नहीं। यदि जांच में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच गहनता से जारी है ।


