Verification: eefe237ed2c24d7f

Hansi News: अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस पर साधा निशाना, नेहरू ने सत्ता के लिए देश बांटा, इंदिरा ने कुर्सी बचाने के लिए लोकतंत्र कुचला

0 minutes, 7 seconds Read

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

भाजपा का कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़, बूथ पर कार्यकर्ता का पसीना बहता है तभी खिलता है कमल : डा. अर्चना गुप्ता

Haryana News Today, हांसी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने शनिवार को हांसी में आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन समारोह में कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीति हमेशा सत्ता और परिवार के इर्द-गिर्द घूमती रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की सत्ता की महत्वाकांक्षा के कारण देश का विभाजन हुआ और 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपनी कुर्सी बचाने के लिए देश पर आपातकाल थोपकर लोकतंत्र और संविधान को कुचलने का काम किया।

डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को हमेशा “मैं और मेरा परिवार” दिखाई दिया, जबकि भाजपा की राजनीति राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत पर चलती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपना पूरा जीवन राष्ट्रसेवा और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को समर्पित किया है। ( Hansi BJP News )

इससे पहले हांसी पहुंचने पर भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, विधायक विनोद भयाना, प्रदेश उपाध्यक्ष जवाहर सैनी, हांसी प्रभारी सुनीता दांगी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का भव्य स्वागत किया। उन्हें पगड़ी पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। स्वागत से अभिभूत डा. गुप्ता ने कहा कि कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों से मिला प्रेम, विश्वास और सम्मान संगठन के प्रति उनकी जिम्मेदारी को और मजबूत करता है।

हांसी के माया बैंक्वेट हॉल में आयोजित समारोह में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डा. अर्चना गुप्ता ने आह्वान किया कि वे गांव-गांव, गली-गली और चौपाल तक पहुंचें। स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और कोचिंग संस्थानों में युवाओं से संवाद करें तथा उन्हें कांग्रेस के इतिहास और भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठे और भ्रामक प्रचार के जरिए युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है और भाजपा कार्यकर्ताओं को तथ्यों के साथ इसका जवाब देना होगा।

Hansi News: अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस पर साधा निशाना, नेहरू ने सत्ता के लिए देश बांटा, इंदिरा ने कुर्सी बचाने के लिए लोकतंत्र कुचला
Hansi BJP News.

*नेहरू की सत्ता की महत्वाकांक्षा से हुआ देश का विभाजन*

डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि अखंड भारत के विभाजन की त्रासदी को देश कभी नहीं भूल सकता। विभाजन के कारण लाखों लोग विस्थापित हुए, परिवार उजड़े और महिलाओं को अत्याचार सहने पड़े। उन्होंने कहा कि जवाहर लाल नेहरू की प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा नहीं होती तो देश को विभाजन की यह त्रासदी नहीं झेलनी पड़ती।

*कुर्सी बचाने के लिए इंदिरा गांधी ने लगाया आपातकाल*

डा. गुप्ता ने कहा कि वर्ष 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सत्ता में बने रहने के लिए देश पर आपातकाल थोपा। लाखों लोगों को जेलों में डाल दिया गया, नागरिक अधिकारों का दमन हुआ और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर प्रहार किया गया। उन्होंने कहा कि आपातकाल कांग्रेस की सत्ता-केंद्रित राजनीति का ऐसा अध्याय है जिसे देश कभी भुला नहीं सकता।

*बूथ कार्यकर्ता की मेहनत से खिलता है कमल*

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के देवतुल्य कार्यकर्ता संगठन की असली ताकत और रीढ़ हैं। बूथ पर कार्यकर्ता जब पसीना बहाता है, तभी चुनाव में कमल खिलता है। बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही परिणाम है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी और हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाई।

उन्होंने कहा कि भाजपा में सामान्य कार्यकर्ता भी बूथ से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू कर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री जैसे सर्वोच्च दायित्व तक पहुंच सकता है। यही भाजपा और परिवारवादी राजनीतिक दलों के बीच सबसे बड़ा अंतर है।

*संत रविदास का समरसता का संदेश गांव-गांव पहुंचाएं*

डा. अर्चना गुप्ता ने संत गुरु रविदास के 650वें प्रकाश पर्व को सामाजिक समरसता का महत्वपूर्ण अभियान बताते हुए कार्यकर्ताओं से उनका समानता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास की जन्मस्थली वाराणसी से लाई गई पवित्र मिट्टी शीतला माता मंदिर से 27 पवित्र कलशों के माध्यम से प्रदेश के 27 संगठनात्मक जिलों में पहुंचाई गई है। अब कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि इसे सम्मानपूर्वक प्रत्येक मंडल और गांव के मंदिर तक पहुंचाकर तुलसी के पौधे में विलीन किया जाए।

*मोदी ने अपना जीवन राष्ट्र को समर्पित किया*

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एक तरफ कांग्रेस के नेता सत्ता और परिवार की चिंता करते रहे, दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र निर्माण और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए समर्पित कर दिया। भाजपा में परिवार नहीं, कार्यकर्ता सर्वोपरि है और संगठन में आगे बढ़ने का आधार मेहनत, समर्पण और जनसेवा है।

*महिला, किसान और युवा भाजपा सरकार की प्राथमिकता*

डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक महिलाओं को केवल वोट बैंक समझा, जबकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शौचालय, नल से जल, उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे कदमों ने महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव किया है। हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये की सहायता, पात्र गरीब परिवारों को 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर और किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद कर किसानों के हितों की रक्षा कर रही है।

*बिना पर्ची-बिना खर्ची युवाओं को मिलीं नौकरियां*

पेपर लीक के मुद्दे पर डा. गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार ने सार्वजनिक परीक्षाओं में अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए कड़ा कानून बनाया है, जिसमें 10 करोड़ रुपये तक जुर्माने और 10 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में पेपर लीक के अनेक मामले सामने आए, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके विपरीत हरियाणा की भाजपा सरकार ने बिना पर्ची-बिना खर्ची योग्यता और पारदर्शिता के आधार पर पौने दो लाख से अधिक युवाओं को सरकारी रोजगार देने का काम किया है।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अशोक सैनी, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, विधायक विनोद भयाना, प्रदेश उपाध्यक्ष जवाहर सैनी, हांसी प्रभारी सुनीता दांगी, पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, मनीष ग्रोवर, पूर्व राज्यसभा सांसद डी.पी. वत्स, पूर्व प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, पूर्व प्रदेश सचिव कैप्टन भूपेंद्र, जिला परिषद चेयरपर्सन सोनू सिहाग, राजेश ठकराल, सोनू डाटा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी संदीप आजाद, जिला महामंत्री बिजेंद्र लौहान, धर्मबीर रतेरिया, जिला प्रवक्ता रामफल बूरा सहित मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रमुख, पार्टी पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

 चिकित्सक राष्ट्रहित और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें : डा. अर्चना गुप्ता



हांसी के होटल सागर रत्ना में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), हांसी की ओर से भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। आईएमए से जुड़े चिकित्सकों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

चिकित्सकों एवं गणमान्य नागरिकों को संबोधित करते हुए डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि चिकित्सक समाज के सबसे महत्वपूर्ण वर्गों में शामिल हैं और सेवा एवं संवेदना उनके कार्य का मूल आधार है। उन्होंने चिकित्सकों से राष्ट्रहित और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

डा. गुप्ता ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार जनकल्याणकारी नीतियों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही हैं। सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने में चिकित्सक वर्ग भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने चिकित्सकों एवं गणमान्य नागरिकों से राष्ट्रहित और जनसेवा के संकल्प के साथ अधिक से अधिक संख्या में भारतीय जनता पार्टी से जुड़ने का आग्रह किया।
आईएमए के चिकित्सकों ने प्रदेश अध्यक्ष को विश्वास दिलाया कि वे राष्ट्रसेवा और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।  इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी भी मौजूद रहे।

📢 हरियाणा की हर ब्रेकिंग न्यूज़ सबसे पहले पाने के लिए हमारा WhatsApp Channel अभी जॉइन करें।

📲 WhatsApp Channel Join करें

Related Posts

Contact us: info@haryana-news.in

© 2025 Haryana News. All Rights Reserved.

About Us | Privacy Policy | Contact Us | Disclaimer