Southern region is drought-hit, demand for 24-hour power supply for sowing
हरियाणा न्यूज टूडे। हरियाणा का पूरा दक्षिणी क्षेत्र, विशेषकर भिवानी, चरखी दादरी एवं महेंद्रगढ़ जिले, पूर्णतः सूखाग्रस्त हैं। किसानों को बिजाई के लिए 24 घंटे बिजली आपूर्ति देने की मांग उठने लगी है।
हरियाणा के दक्षिणी जिले सूखा प्रभावित
चरखी दादरी जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव दलीप सिंह सांगवान ने बाईपास पर धरनारत किसानों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने बताया कि बरसात की कमी के कारण हरियाणा के दक्षिणी जिले बुरी तरह सूखा प्रभावित रहे हैं। मूंग, ज्वार, बाजरा, गवार आदि फसलें पूरी तरह चौपट हो चुकी हैं। अगली फसल की समय पर बिजाई के भी कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं।
मुख्य सिंचाई का साधन
क्षेत्र में मुख्य सिंचाई का साधन बिजली से संचालित ट्यूबवेल हैं। मुख्य फसल सरसों है। सरसों की बिजाई का समय आ चुका है। सरकार कृषि क्षेत्र को प्रतिदिन सिर्फ 8 घंटे बिजली आपूर्ति कर रही है। इस स्थिति में किसान किसी भी कदर फसल की बिजाई नहीं कर पाएंगे। वे आधी-अधूरी बिजाई ही कर पाएंगे। इसी स्थिति के मद्देनजर उन्होंने सरकार का ध्यान आकृष्ट किया।
24 घंटे बिजली की आपूर्ति
उन्होंने मांग की कि किसानों को अब से लगभग 1 महीने तक 24 घंटे बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जिससे किसान समय रहते जमीन के पूरे रकबे में फसलों की बिजाई कर सकें। यदि ऐसा नहीं किया गया तो किसानों का पूरा साल बर्बाद हो जाएगा। किसानों के लिए जीना दूभर हो जाएगा।
तिलहन फसलों के उत्पादन पर बुरा प्रभाव
देश में तिलहन फसलों के उत्पादन पर भी बुरा प्रभाव पड़ेगा। यह देश की अर्थव्यवस्था के लिए घातक सिद्ध होगा। धरने की अध्यक्षता आनंद दुहन ने की। इस अवसर पर हरपाल, रमेश कुमार, धर्मपाल, रतीभान, सरदाना, जगदीश चंद्र, मुस्ताक खान, सुरेंद्र सिंह, बेदू, भलेराम, गोपीराम सहित अनेक किसान उपस्थित रहे। सोनू












