उकलाना में बाइक चोर गिरफ्तार; पूछताछ में खुलासा, दस साल पहले चुराई थी बाइक, खरीदने वाला भी काबू
Uklana Barwala News: हिसार जिले की उकलाना पुलिस ने दस साल पहले चोरी की गई मोटरसाइकिल के मामले में बाइक चोर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में हुए खुलासे के बाद चोरी की बाइक खरीदने वाले को भी काबू कर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
सांगवान अस्पताल उकलाना से बाइक चोरी
मिली जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2016 में सांगवान अस्पताल उकलाना से एक बाइक चोरी हो गई थी। पुलिस ने बाइक मालिक की शिकायत पर उकलाना थाने में मोटरसाइकिल चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन पिछले दस साल से पुलिस चोर तक नहीं पहुंच पाई थी।
13 हजार रुपये में खरीदी चोरी की बाइक
हाल ही में उकलाना पुलिस ने शक के आधार पर एक युवक को काबू कर पूछताछ की, तो मामले का खुलासा हुआ और उसके कब्जे से चोरी की बाइक बरामद हुई। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसने यह बाइक 13 हजार रुपये में खरीदी थी। इस कबूलनामे के बाद पुलिस ने चोरी की बाइक बेचने वाले को भी काबू किया और दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि प्रभुवाला निवासी सोमबीर ने 16 सितंबर 2016 को सांगवान अस्पताल उकलाना से बाइक चोरी की थी। बाद में उसने अपने दोस्त बूढ़ा खेड़ा निवासी चंद्रभान को इसके चोरी की बाइक होने की जानकारी देकर वर्ष 2021 में 13 हजार रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में प्रभुवाला निवासी सोमबीर और चोरी की बाइक खरीदने वाले बूढ़ा खेड़ा निवासी चंद्रभान को गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब है कि गांव शंकरपुरा निवासी दिलदार सिंह ने उकलाना थाना में शिकायत दी थी कि वो 16.09.2016 को वह अपने भतीजे को दवाई दिलाने के लिए सांगवान अस्पताल उकलाना आया था। जहां से अज्ञात चोर उनकी लाल व काले रंग की डिस्कवर मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने दिलदार सिंह की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ बाइक चोरी का मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी थी।









