भिवानी से छात्र लापता : Student Missing Case Bhiwani
तोशाम समाचार: भिवानी जिले के तोशाम में एक छात्र कंप्यूटर सीखने के लिए गया था, जो अज्ञात परिस्थितियों में लापता हो गया। काफी तलाश करने के बाद भी जब छात्र नहीं मिला, तो उसके परिजन परेशान होकर पुलिस थाने पहुंचे। तोशाम थाना पुलिस ने छात्र की गुमशुदगी का मामला दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।
श्याम विहार कॉलोनी, तोशाम निवासी उमेद कुमार शर्मा ने बताया कि उनके दो बच्चे हैं, जिनमें एक लड़का और एक लड़की है। उनका 18 वर्षीय बेटा अमित कुमार कंप्यूटर कोर्स कर रहा है और हर रोज कंप्यूटर सीखने के लिए तोशाम के एक कंप्यूटर सेंटर में जाता था।
उमेद कुमार के मुताबिक, हर रोज की तरह उनका बेटा अमित कुमार कंप्यूटर सीखने के लिए 20 नवंबर को भी घर से निकला था, लेकिन वापस घर नहीं पहुंचा। उन्होंने उसकी काफी तलाश की, परंतु उसका कहीं से कोई सुराग नहीं लगा। उसके बाद से उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। तोशाम थाना पुलिस ने उमेद कुमार शर्मा की शिकायत पर उनके बेटे की गुमशुदगी का मामला दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।

लापता छात्र का हुलिया उमेद कुमार शर्मा ने बताया कि उनके बेटे का रंग गोरा है। उसने घर से निकलते समय नीले रंग की पैंट और नीले रंग का ही कोट पहना हुआ था, जबकि पांव में जूते डाल रखे थे। उसके चेहरे पर हल्की दाढ़ी है।













