डम्पर की चपेट में आने से साइकिल सवार घायल
Hisar Road Accident: हिसार जिले के गांव मंगाली मोहब्बत में डम्पर की चपेट में आने से एक साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सपरा अस्पताल हिसार में भर्ती करवाया गया है। वहीं, पुलिस ने गंभीर रूप से घायल किसान के भतीजे की शिकायत पर डम्पर चालक के खिलाफ आजाद नगर थाने में केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।
गांव मंगाली मोहब्बत निवासी सुनील पुत्र नत्थूराम ने आजाद नगर थाना हिसार को दिए बयान में बताया कि वह अपने चाचा महेंद्र सिंह के साथ खेत में काम कर रहा था। वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर खेत में गया था, जबकि उसके चाचा महेंद्र सिंह रेंजर साइकिल पर गए थे। खेत में काम निपटाने के बाद दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वे दोनों अपने-अपने साधन से घर के लिए रवाना हुए थे।
सपरा अस्पताल हिसार में भर्ती
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसके चाचा उससे करीब 500 मीटर आगे चल रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार से आए एक डम्पर ने उनकी साइकिल में सीधी टक्कर मार दी। इसके कारण वे सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। उसने तुरंत ही साधन का प्रबंध करके अपने चाचा को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल हिसार ( Civil Hospital Hisar) में पहुंचाया, लेकिन बाद में बेहतर उपचार के लिए उन्हें सपरा अस्पताल हिसार में भर्ती करवा दिया गया।
सपरा अस्पताल में जिंदगी और मौत से जंग
मंगाली मोहब्बत निवासी सुनील ने बताया कि उसके चाचा महेंद्र सिंह का एक्सीडेंट डम्पर चालक की तेज रफ्तार व लापरवाही के चलते हुआ है और वे सपरा अस्पताल में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहे हैं। मंगाली मोहब्बत के पास हुए इस हादसे में उनके हाथ व सिर में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने सुनील के बयान पर डम्पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।











