प्रदेश का छोरा अब संयुक्त राष्ट्र संघ में देगा सेवाएं, मेजर मोहित ढांडा के चयन से बढ़ा देश का मान
Hansi News Today: हांसी जिले के गांव बुडाना निवासी भारतीय सेना के मेजर मोहित ढांडा का चयन संयुक्त राष्ट्र संघ ( United Nations ) में सेवाएं देने के लिए हुआ है। भारतीय सेना के अधिकारी के रूप में संयुक्त राष्ट्र संघ में सेवाएं देने के लिए चयन होना न केवल मेजर मोहित ढांडा के परिवार और गांव, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
मेजर मोहित ढांडा बचपन से ही सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने का सपना देखते थे। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीएससी की पढ़ाई पूरी करने के बाद भारतीय सेना की तोपखाना 226 रेजिमेंट में भर्ती होकर अपने सैन्य करियर की शुरुआत की। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग मेरठ में थी।
टेस्ट में मेरिट हासिल कर संयुक्त राष्ट्र संघ के लिए हुआ चयन
जब मोहित ढांडा सेना में कैप्टन के पद पर कार्यरत थे, उस समय भारतीय सेना की ओर से संयुक्त राष्ट्र संघ में सेवाएं देने के लिए अधिकारियों का चयन करने हेतु टेस्ट आयोजित किया गया था। इस परीक्षा में मेजर मोहित ढांडा ने सफलता हासिल करते हुए मेरिट में स्थान बनाया।
मेरिट में चयन के बाद अब भारतीय सेना की ओर से उन्हें संयुक्त राष्ट्र संघ ( United Nations ) में सेवाएं देने के लिए चुना गया है। वह अगले सप्ताह संयुक्त राष्ट्र संघ में अपनी सेवाएं शुरू करेंगे।
प्रतिष्ठित सैन्य कोर्स पहली बार में किए पास
Major Mohit Dhanda भारतीय सेना के उन चुनिंदा अधिकारियों में शामिल हैं, जिन्होंने सेना के प्रतिष्ठित इंस्ट्रक्टर गनरी कोर्स और स्टाफ कॉलेज कोर्स को पहली बार में अच्छे ग्रेड के साथ पास किया है। उनकी इस उपलब्धि से उनकी रेजिमेंट का भी गौरव बढ़ा है।
भारतीय सेना ने उनकी योग्यता और प्रदर्शन को देखते हुए अब उन्हें संयुक्त राष्ट्र संघ में ( Mohit Dhanda United Nations) भारत की ओर से सेवाएं देने के लिए चुना है।
पिता बोले- गांव और देश के लिए गौरव की बात
मेजर मोहित ढांडा के पिता एवं शिक्षा विभाग हरियाणा के सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक जयवीर सिंह ढांडा ने कहा कि यह पूरे गांव और देश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि मोहित का बचपन से ही सपना था कि वह भारतीय सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करें और देश का नाम रोशन करें।
उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ में मेजर स्तर के अधिकारी की आवश्यकता के लिए देशभर से अधिकारियों का चयन किया गया था, जिसमें मोहित ढांडा ने अपनी योग्यता के दम पर स्थान बनाया।
परिवार में भी खुशी का माहौल
मेजर मोहित ढांडा ( Budana Army Officer) की पत्नी गृहिणी हैं और उनकी दो बेटियां हैं। उनके पिता जयवीर सिंह ढांडा शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं, जबकि उनकी माता मूर्ति देवी गृहिणी हैं। उनकी बहन डॉक्टर के पद पर सेवाएं दे रही हैं।
मेजर मोहित ढांडा के संयुक्त राष्ट्र संघ के लिए चयन से गांव बुडाना सहित क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।








