19 lakh duped in Kaithal in the name of sending to Canada
वीजा और टिकट का भरोसा देकर ठगी
हरियाणा न्यूज |कैथल में कनाडा भेजने के नाम पर गांव कांगथली निवासी युवक से 19 लाख रुपए ठगने के मामले में पुलिस ने अम्बाला निवासी सतनाम सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है। आरोप है कि उसने साथियों के साथ मिलकर युवक को वीजा और हवाई टिकट तैयार होने का भरोसा दिलाया था। निर्धारित तारीख पर एयरपोर्ट पहुंचने पर आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गांव कांगथली निवासी कृष्ण कुमार विदेश जाना चाहता था। ऑनलाइन जानकारी जुटाने के दौरान उसकी बातचीत लुधियाना निवासी वीरेंद्र सिंह से हुई। वीरेंद्र ने उसकी मुलाकात सतनाम सिंह और मोहाली निवासी दलजीत सिंह से करवाई। तीनों ने कनाडा भेजने के नाम पर 19 लाख रुपए मांगे। कृष्ण कुमार ने अपना पासपोर्ट आरोपियों को दे दिया।
जनवरी में वीजा लगने और टिकट बुक होने की जानकारी मिलने पर उसने सतनाम सिंह के बैंक खाते में ऑनलाइन 16.50 लाख रुपए जमा करवाए। बाद में सतनाम सिंह और दलजीत सिंह ने घर आकर कथित तौर पर वीजा, टिकट और अन्य दस्तावेज दिखाकर बाकी रकम भी ले ली।
आरोपियों ने 24 फरवरी की फ्लाइट बताई। कृष्ण कुमार परिजनों के साथ एयरपोर्ट पहुंचा, लेकिन आरोपियों के फोन बंद मिले। रकम वापस मांगने पर आश्वासन मिलते रहे। पंचायत के माध्यम से समझौते के प्रयास में उसे 19 लाख रुपए के तीन चेक दिए गए, लेकिन भुगतान नहीं हुआ।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को सतनाम सिंह ने 3 लाख रुपए लौटाए। शेष रकम मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। थाना सीवन में केस दर्ज किया गया था। एंटी इमिग्रेशन सेल प्रभारी पीएसआई अमन के नेतृत्व में एएसआई सुरेंद्र की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।













