Jewellery and cash worth lakhs stolen from a locked house in Yamunanagar
तलाश के बाद भी चोरों का सुराग नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी
हरियाणा न्यूज | यमुनानगर के गांधी नगर कॉलोनी में परिवार के छह दिन घर से बाहर रहने के दौरान चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाया। चोर अलमारी तोड़कर सोने के गहने और नकदी चोरी कर ले गए। बच्चों की गुल्लक तोड़कर उसमें रखे करीब 25 हजार रुपए भी निकाल लिए।
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांधी नगर कॉलोनी निवासी शशिकला ने पुलिस को बताया कि वह 6 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे पति रजनीश और छोटी बेटी स्नेहा के साथ उत्तर प्रदेश के जिला अंबेडकरनगर के जहांगीर गंज थाना क्षेत्र स्थित अपने पुश्तैनी गांव गई थी।
मां की तबीयत खराब होने के कारण परिवार वहां करीब छह दिन रुका। वापस लौटने पर घर का सामान बिखरा और अलमारी टूटी मिली। जांच करने पर सोने का गले का एक सेट, बड़ी और छोटी सोने की चेन, पति रजनीश की सोने की अंगूठी और अपनी सोने की अंगूठी गायब मिली।
महिला के मुताबिक, गहनों की कीमत लाखों रुपए है। आसपास तलाश के बाद भी चोरों का सुराग नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। गांधी नगर थाना प्रभारी विशाल ने बताया कि शिकायत पर केस दर्ज किया गया है।












