WE ARE HIRING!
Receptionist | Teachers | Coordinator | Video Editor
TAGORE SR. SEC. SCHOOL, NARNAUND, HISAR (HR)
APPLY NOW 9416588916

 

Latest News Jind: जींद में स्क्रैप कारोबारी से 4.98 लाख रुपये की लूट, दो गाड़ियों में आए 7 बदमाशों ने रास्ता रोककर की मारपीट

By sunilkohar

Published On:

जींद में स्क्रैप कारोबारी से 4.98 लाख की लूट, 7 बदमाशों ने घेरकर की मारपीट

---Advertisement---

जींद में भिवानी के कारोबारी से लूट, गांव घिमाना के पास वारदात

हरियाणा न्यूज ( सुनील कोहाड़ ) जींद : जींद में स्क्रैप बैटरी बेचकर लौट रहे दो कारोबारियों को घिमाना गांव के पास दो गाड़ियों में सवार बदमाशों ने घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने पिकअप गाड़ी के आगे दो गाड़ियां अड़ाकर कारोबारियों के साथ मारपीट की और गाड़ी की सीट के नीचे बने टूल बॉक्स में रखे 4 लाख 98 हजार 600 रुपये निकालकर फरार हो गए। जाते समय आरोपियों ने पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने डर के कारण अगले दिन पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दी और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

भिवानी से स्क्रैप बैटरी बेचने जींद आए थे कारोबारी

पुलिस को दी शिकायत में गांव कोट (भिवानी) निवासी राजेश कुमार ने बताया कि वह और प्रवीन निवासी नांगर स्क्रैप बैटरियों का कारोबार करते हैं। 16 अक्टूबर 2026 की रात को दोनों पिकअप गाड़ी नंबर HR69E-8496 में भिवानी से स्क्रैप बैटरियां भरकर जींद आए थे। उन्हें हांसी रोड स्थित प्लॉट नंबर 17 में बैटरियां बेचनी थीं।


 

राजेश के अनुसार, उन्होंने प्लॉट नंबर 17 पर सत्यजीत नामक व्यक्ति को 4 लाख 98 हजार 600 रुपये की स्क्रैप बैटरियां बेचीं। इसके बाद प्रवीन ने बिक्री की पूरी रकम उसे दे दी। राजेश ने नकदी को प्लास्टिक की थैली में रखकर गाड़ी की कंडक्टर सीट के नीचे बने टूल बॉक्स में रख दिया। इसके बाद दोनों पिकअप गाड़ी से भिवानी के लिए रवाना हो गए।

घिमाना के पास दो गाड़ियों ने रोका रास्ता

राजेश ने शिकायत में बताया कि रात करीब 10 बजे वे घिमाना गांव से थोड़ा आगे निकले ही थे कि पीछे से दो गाड़ियां आईं। इनमें एक काले रंग की गाड़ी नंबर HR3LP-8960 थी, जिसने उनकी पिकअप के आगे गाड़ी अड़ा दी। वहीं, सफेद रंग की स्विफ्ट कार को ड्राइवर की तरफ लगा दिया गया। आरोप है कि दोनों गाड़ियों से करीब सात युवक नीचे उतरे। उनमें से एक ने पिकअप की चाबी निकाल ली, जबकि दूसरे ने राजेश का गला पकड़कर उसे नीचे उतार लिया। इसके बाद अन्य युवकों ने उसके साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की।

प्रवीन के साथ भी की मारपीट, टूल बॉक्स से निकाली नकदी

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने दूसरी तरफ बैठे प्रवीन को भी गाड़ी की खिड़की खोलकर नीचे खींच लिया। उसके साथ भी मारपीट की गई और उसे चोटें मारी गईं। इसी दौरान आरोपियों में से दो युवकों ने पिकअप की कैबिन में तलाशी ली और कंडक्टर सीट के नीचे बने टूल बॉक्स से 4 लाख 98 हजार 600 रुपये निकाल लिए।

राजेश का आरोप है कि आरोपी नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने दोनों कारोबारियों को धमकी दी कि अगर पुलिस को सूचना दी तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा।

डर के कारण अगले दिन दी शिकायत

राजेश ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने डायल 112 पर कॉल की थी, लेकिन आरोपियों की धमकी के डर से वह तुरंत लिखित शिकायत देने नहीं पहुंच सके। अगले दिन पुलिस चौकी पहुंचकर उन्होंने पूरी घटना की जानकारी दी और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

पीड़ित की शिकायत के अनुसार, वारदात में दो गाड़ियों का इस्तेमाल किया गया और करीब सात युवक शामिल थे। मामले में आरोपियों की पहचान और पुलिस की कार्रवाई से संबंधित जानकारी की पुष्टि होने के बाद खबर को अपडेट किया जा सकता है।

Leave a Comment