youth attacked over Diwali dispute: बुडायन में युवक पर हमला
Jind Latest News: जींद जिले के उचाना क्षेत्र के गांव में दीपावली के दिन हुई कहासुनी की रंजिश में एक युवक पर हमला करने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है। वहीं, पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर तीन नामजद युवकों सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जींद जिले के गांव बुडायन निवासी नरेश ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि दीपावली के दिन उसके ही परिवार के अनिल के साथ उसकी कहासुनी हो गई थी। नरेश ने बताया कि 25 नवंबर की रात करीब 8 बजे वह गांव के बस स्टैंड पर बैठा हुआ था। इसी दौरान एक गाड़ी आकर रुकी और उसमें से अनिल, राहुल और गुरमीत सहित दो अन्य युवक उतरे।
जींद के नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन नरेश ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि वे अपने हाथों में डंडे और फ्राईपैन लिए हुए थे। शुरुआत में अनिल ने उस पर हमला किया और उसके बाद सभी उस पर टूट पड़े, जिसके कारण वह जमीन पर गिर गया और पांचों हमलावर उस पर वार करते रहे।
नरेश के मुताबिक, इस हमले में चोट लगने से वह बेहोश हो गया और सभी पांचों हमलावर जान से मारने की धमकी देकर हथियारों सहित कार में बैठकर मौके से फरार हो गए। राहगीरों ने उसे पहले बुडायन और फिर उचाना के अस्पताल में पहुंचाया तथा उस पर हुए हमले की सूचना उसके परिजनों को दी। उचाना के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टरों ने उसे नागरिक अस्पताल जींद रेफर कर दिया।
बुडायन गांव में युवक पर हमले की सूचना मिलते ही उचाना थाना पुलिस नागरिक अस्पताल जींद पहुंची और नरेश के बयान दर्ज किए। पुलिस ने डॉक्टरी रिपोर्ट के आधार पर गांव बुडायन निवासी अनिल, राहुल और गुरमीत सहित दो अन्य युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।












