अग्निवीर बनने का सपना अधूरा छोड़ गया चेतन, सड़क हादसे ने छीन लिया तीन बहनों का इकलौता सहारा
रेवाड़ी में दर्दनाक हादसा: घूमने निकले 19 वर्षीय युवक को कार ने मारी टक्कर, पिता के निधन के बाद परिवार को उसी से थीं उम्मीदें
Rewari Accident News: हरियाणा के रेवाड़ी जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। गांव लूला अहीर के 19 वर्षीय चेतन का अग्निवीर बनकर देश की सेवा करने का सपना लगभग पूरा होने की उम्मीद थी, लेकिन एक सड़क हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली। चेतन तीन बहनों का इकलौता भाई था। पिता की मौत के बाद परिवार को उसी से भविष्य की उम्मीदें थीं।
घूमने निकला था चेतन, रास्ते में काल बनकर आई कार
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर शाम गांव लूला अहीर निवासी चेतन घूमने के लिए गांव दड़ौली की ओर जा रहा था। इसी दौरान टाटा टियागो कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि चेतन की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर कोसली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल कोसली में रखवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
अग्निवीर भर्ती के टेस्ट पास कर चुका था चेतन

चेतन के परिवार और गांव के लोगों को उससे काफी उम्मीदें थीं। वह अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में फिजिकल और अन्य टेस्ट पास कर चुका था। जल्द ही भर्ती की फाइनल लिस्ट जारी होने की उम्मीद थी। परिजनों को भरोसा था कि चेतन का चयन हो जाएगा और वह सेना में भर्ती होकर परिवार का सहारा बनेगा।
लेकिन किसे पता था कि जिस बेटे के कंधों पर परिवार की जिम्मेदारियां आने वाली थीं, वह अचानक इस दुनिया से ही चला जाएगा।












