तिगड़ाना मोड़ एक्सीडेंट: कार कैंटर की टक्कर में दो की मौत
हरियाणा न्यूज: भिवानी-जींद रोड पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कार और कैंटर की आमने-सामने की टक्कर में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दोनों मृतक एक ही गांव के रहने वाले थे और रिश्ते में दादा-पौते लगते थे।
तिगड़ाना मोड़ के पास हुए हादसे की सूचना मिलते ही भिवानी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने मंगलवार को मृतकों के परिजनों के बयान पर कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
मित्ताथल गांव के रहने वाले थे दोनों मृतक

मिली जानकारी के मुताबिक, भिवानी जिले के गांव मित्ताथल निवासी 28 वर्षीय सनूप सोमवार को भिवानी शहर गया हुआ था। सोमवार रात को जब वह कार से अपने गांव लौट रहा था, तो उसके साथ गांव के ही सत्यनारायण और रोहतक के दो युवक भी कार में सवार थे। जब उनकी कार भिवानी-जींद मार्ग पर तिगड़ाना मोड़ के नजदीक पहुंची, तो सामने से आ रहे कैंटर से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई।
तेज टक्कर से उड़े कार के परखच्चे

कार और कैंटर की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। राहगीरों ने हादसे की तुरंत सूचना पुलिस को दी और कार में फंसे युवकों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकालकर इलाज के लिए भिवानी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने सनूप और सत्यनारायण को मृत घोषित कर दिया। वहीं, इस हादसे में रोहतक के प्रीत विहार निवासी दीपांशु और रोमगोपाल कॉलोनी निवासी आशीष घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है।
तिगड़ाना मोड़ पर हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया, ताकि रात के अंधेरे में इनकी वजह से कोई अन्य दुर्घटना न हो। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
मृतक सनूप के पिता हैं हरियाणा पुलिस में ASI

गांव मित्ताथल के सरपंच नरेश कुमार ने बताया कि भिवानी-जींद रोड पर तिगड़ाना मोड़ के पास कैंटर और कार की टक्कर में उनके गांव के दो लोगों की मौत हुई है। मृतक सनूप के पिता राजपाल हरियाणा पुलिस में एएसआई के पद पर तैनात हैं। सनूप की करीब तीन साल पहले ही शादी हुई थी और उसका डेढ़ साल का एक बेटा भी है।
पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ दर्ज किया मामला
इस संबंध में भिवानी सदर थाना के जांच अधिकारी एएसआई मंजीत ने बताया कि सोमवार देर रात तिगड़ाना मोड़ पर हुए हादसे में मित्ताथल गांव के एक बुजुर्ग सहित दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं। परिजनों की शिकायत पर कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।













