British Columbia Highway 5 Accident Karnal Youth Dies
कनाडा में रॉन्ग साइड से आई कार ने छीनी 24 वर्षीय जसकीरत की जिंदगी, दो घायलों की हालत नाजुक
हरियाणा न्यूज | करनाल: कनाडा में बेहतर भविष्य बनाने का सपना लेकर गए हरियाणा के एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। करनाल जिले के गांव रत्तक निवासी 24 वर्षीय जसकीरत सिंह की ब्रिटिश कोलंबिया के हाईवे-5 पर हुई भीषण टक्कर में जान चली गई। बताया जा रहा है कि जसकीरत को जल्द ही कनाडा में स्थायी निवास (PR) मिलने की उम्मीद थी, लेकिन इससे पहले ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे में उसके साथ कार में सवार पंजाब के तीन अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार सुबह करीब 5 बजे मेरिट के पास हुआ। आरोप है कि विपरीत दिशा से आ रही एक कार ने भारतीय युवकों की कार को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने दूसरे वाहन के 22 वर्षीय चालक को गिरफ्तार किया है। चालक के नशे में होने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी पुष्टि आधिकारिक जांच से होनी बाकी है।
सरे से एडमंटन जा रहे थे चारों युवक
जानकारी के मुताबिक, जसकीरत सिंह अपने तीन दोस्तों के साथ सफेद रंग की टोयोटा कार में सवार होकर सरे से एडमंटन के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान हाईवे-5 पर मेरिट के नजदीक काले रंग की टोयोटा टकोमा गलत दिशा से आई और उनकी कार से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
दो युवकों की हालत बेहद गंभीर
हादसे में घायल तीनों युवकों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से दो की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। उन्हें एयरलिफ्ट करके केलोना और कैमलूप्स के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। तीसरे घायल युवक का भी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घायलों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं हुई है।
माता-पिता ने की बेटे के शव की पहचान
जसकीरत सिंह की मौत की खबर से उसके परिवार और गांव में शोक का माहौल है। उसके माता-पिता ने शव की पहचान की है। अब पार्थिव शरीर को भारत लाने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि परिवार अंतिम संस्कार कर सके।
दोस्तों ने मदद के लिए शुरू किया अभियान
जसकीरत के पार्थिव शरीर को भारत भेजने और हादसे में घायल युवकों के उपचार व अन्य जरूरतों में सहायता के लिए दोस्तों और परिजनों ने GoFundMe पर आर्थिक मदद की अपील की है। हादसे ने विदेश में अपने भविष्य के सपने पूरे करने निकले युवाओं और उनके परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।














1 thought on “British Columbia Highway 5 Accident: कनाडा में करनाल के जसकीरत की मौत, 3 दोस्त घायल”