हांसी में उचाना के बड़ौदा गांव का बाइक चोर गिरफ्तार
Hansi News in Hindi: हांसी पुलिस की एवीटी टीम ने हांसी-जींद रोड पर गगन खेड़ी के पास चेकिंग के दौरान उचाना क्षेत्र के गांव बड़ौदा के एक युवक को चोरी की बाइक सहित काबू किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह बाइक रोहतक से चोरी की गई थी और इस संबंध में रोहतक पुलिस थाने में मामला दर्ज है।
गगन खेड़ी के पास सिसाय मोड़ पर पुलिस नाका बाइक चोर काबू
एवीटी टीम हांसी के मुख्य सिपाही प्रवीण कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी टीम हांसी-जींद रोड पर गगन खेड़ी के पास सिसाय मोड़ पर नाका लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया तो वह भागने लगा, जिसे पुलिस ने मुस्तैदी से दबोच लिया। जब पुलिस ने बाइक के कागजात मांगे, तो वह कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सका।
स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी
पुलिस ने जब बाइक को चेक किया, तो उसके आगे-पीछे की नंबर प्लेट गायब थीं। चालान मशीन में मोटरसाइकिल के इंजन व चेसिस नंबर डालकर जांच की गई, तो खुलासा हुआ कि यह मोटरसाइकिल रोहतक जिले के गांव घड़ावठी निवासी मोहन के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस ने जब मोहन से फोन पर बातचीत की, तो उसने बताया कि उसकी स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल 18 अक्टूबर को चोरी हो गई थी, जिसकी उसने रोहतक सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज करवा रखी है।
पुलिस ने मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में लेकर युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में पकड़े गए बाइक चोर ने अपनी पहचान जींद जिले के उचाना क्षेत्र के गांव बड़ौदा निवासी मोनू पुत्र साधुराम के रूप में बताई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हांसी सदर थाने में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।










