Bhiwani tractor attack case: कैरु के झुंडावास में खूनी संघर्ष
Bhiwani News: भिवानी जिले के तोशाम विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले गांव झुंडावास (चंदावास) में रंजिश के चलते एक परिवार पर हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस चौकी कैरु को दी गई शिकायत में खेत में काम कर रहे परिवार पर ट्रैक्टर चढ़ाने, लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप लगाया गया है।
खेत में काम कर रहे परिवार पर हमला
तोशाम क्षेत्र के गांव झुंडावास निवासी पीड़ित बलवान पुत्र रामस्वरूप ने कैरु पुलिस को बताया कि वह 25 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे अपने खेत में पानी लगा रहा था। उसके साथ भाई कृष्ण, चचेरा भाई जगबीर और भाभी इंद्रावती भी खेत में बिजाई और अन्य काम कर रहे थे।
ट्रैक्टर चढ़ाने और जानलेवा हमले का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसी समय गांव का ही ओमप्रकाश अपने साथ 7 अन्य लोगों को लेकर आया, जिनके हाथों में कुल्हाड़ी और डंडे थे। आरोप है कि ओमप्रकाश ने जान से मारने की नीयत से भाभी इंद्रावती पर सीधा ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे ट्रैक्टर का टायर शरीर के ऊपर से निकल गया। इसके बाद अन्य लोगों पर भी ट्रैक्टर दौड़ाने का प्रयास किया गया।
कुल्हाड़ी के वार से कटा कान, फव्वारा सेट तोड़ा
बलवान ने बताया कि विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर डंडों की बौछार कर दी। वहीं, प्रमोद नामक युवक पर आरोप है कि उसने कुल्हाड़ी से कृष्ण के सिर पर हमला किया, जिससे उसका बायां कान कट गया। अन्य परिजनों के साथ भी मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप यह भी है कि खेत में रखे एल्युमिनियम फव्वारा सेट पर बार-बार ट्रैक्टर चढ़ाकर उसे पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर कैरु (तोशाम) पुलिस ने ओमप्रकाश, प्रमोद, चंद्रमोहन, राजेश, अजीत, चंद्रकला और रोशनी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।














